Jharkhand

दुमका: घरेलू विवाद ने बुझा दी जिंदगी, पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी को जलाया

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के चंदन गढ़िया गांव में घरेलू विवाद ने एक महिला की जिंदगी छीन ली. आरोप है कि पति ने पत्नी के ऊपर पेट्रोल  डालकर आग लगा दी. गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी पति फरार बताया जा रहा है.

दो साल पहले हुई थी शादी, अक्सर होता था विवाद
बताया गया कि शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के गन्दरकपुर गांव निवासी अर्जुन राय की शादी करीब दो वर्ष पहले चंदन गढ़िया गांव की रहने वाली शनिचरिया देवी के साथ हुई थी. परिजनों के अनुसार दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था. इसी बीच शनिचरिया देवी कुछ दिनों से अपने मायके चंदन गढ़िया में रह रही थी.

मायके पहुंचा पति, घर में दोनों ही थे मौजूद
घटना की रात शनिचरिया देवी के पिता और भाई किशन राय किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे. घर में उस समय शनिचरिया देवी और उसका पति अर्जुन राय मौजूद थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति पर पत्नी के साथ यह खौफनाक कदम उठाने का आरोप है.

पेट्रोल डालते ही धू-धूकर जलने लगी महिला
आरोप है कि विवाद के दौरान अर्जुन राय ने घर में रखे पेट्रोल को शनिचरिया देवी के ऊपर डाल दिया और आग लगा दी. आग की लपटों में महिला घिर गई. उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना उसके पिता व भाई को दी.

रामपुरहाट अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गई शनिचरिया
परिजन आनन फानन में गंभीर रूप से झुलसी शनिचरिया देवी को पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण वह जिंदगी की जंग हार गई. इलाज के दौरान उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके में मातम पसर गया. महिला की मौत के बाद उसके भाई किशन राय ने रविवार को शिकारीपाड़ा थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया. भाई ने अपनी बहन की मौत के लिए उसके पति अर्जुन राय को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

केस दर्ज, आरोपी पति फरार
किशन राय के बयान के आधार पर शिकारीपाड़ा थाना में कांड संख्या 95/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के  तहत मामला दर्ज किया है. घटना के बाद से आरोपी अर्जुन राय फरार बताया जा रहा है. शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा ने बताया कि पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है. इसी विवाद के दौरान घटना होने की जानकारी मिली है. उन्होंने बताया कि आरोपी अर्जुन राय घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है.

जिस घर में रिश्ते बसने थे, वहीं खत्म हो गई जिंदगी
दो साल पहले जिस रिश्ते की शुरुआत एक नए जीवन के सपने के साथ हुई थी, वह घरेलू विवाद की आग में दर्दनाक अंत तक पहुंच गया. मायके में आई शनिचरिया देवी के लिए यह रात जिंदगी की आखिरी रात साबित हुई. अब परिवार के सामने एक बेटी की मौत का गम है और पुलिस के सामने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की चुनौती.

रिपोर्ट : पंचम झा