Dumka: दुमका शहर से चोरी हुई काली स्कार्पियो की तलाश में निकली नगर थाना पुलिस को बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस टीम छापेमारी करने बिहार पहुंची तो वहां से एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने के साथ जुलाई माह में दुमका से चोरी हुई सफेद स्कार्पियो भी बरामद कर लाई. हालांकि पुलिस जिस काली स्कार्पियो की तलाश में जुटी थी, उसका अब तक पता नहीं चल सका है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हत्था थाना क्षेत्र अंतर्गत मेघ रतवारा गांव निवासी राम विवेक शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी का वाहन चोरी के मामलों में पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. बिहार समेत कई राज्यों में उसके खिलाफ वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं और बिहार पुलिस उसे पहले भी कई बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
दो स्कार्पियो चोरी के बाद हरकत में आई पुलिस
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि नगर थाना क्षेत्र के रसिकपुर से 31 जुलाई की रात टेंट कारोबारी दिलीप कुमार राउत की सफेद स्कार्पियो चोरी हो गई थी. इसके बाद 25 अक्टूबर को एसपी कॉलेज रोड से सुरेश वर्मा की काली स्कार्पियो भी चोरी कर ली गई. लगातार दो वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसडीपीओ दिलीप खलखो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर वाहनों की बरामदगी का निर्देश दिया गया था.
मुजफ्फरपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबोचा गया शातिर
वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान पुलिस को राम विवेक शर्मा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली. इसके बाद नगर थाना की टीम ने बिहार पुलिस के सहयोग से मंगलवार को मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर रसिकपुर से चोरी हुई दिलीप कुमार राउत की सफेद स्कार्पियो बरामद की गई. वाहन पर बिहार का नंबर प्लेट लगा हुआ था, जबकि उसकी चेसिस संख्या के आधार पर वास्तविक पहचान की गई. पुलिस को आरोपी के गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम जानकारी मिली है.
वाहन चोरी का संगठित नेटवर्क, कोई चुराता है तो कोई तैयार करता है कागजात
एसपी ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं में अलग अलग गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली है. गिरोह में कई सदस्य शामिल रहते हैं. इनमें कोई वाहन चोरी करता है, तो दूसरा उसके फर्जी कागजात तैयार करता है और तीसरा उसे ग्राहक तक पहुंचाकर बेचने का काम करता है. पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है. अब तक की पूछताछ में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गिरफ्तार राम विवेक शर्मा के गिरोह का हाथ एसपी कॉलेज रोड से चोरी हुई काली स्कार्पियो की घटना में भी है या नहीं.
काली स्कार्पियो की तलाश में बिहार में जुटी पुलिस टीम
एसपी ने बताया कि सफेद स्कार्पियो की बरामदगी के बाद भी पुलिस की जांच थमी नहीं है. काली स्कार्पियो की तलाश में पुलिस की एक विशेष टीम बिहार में लगातार छापेमारी कर रही है. इस संबंध में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं. एसपी ने जल्द ही दूसरी स्कार्पियो बरामद करने की उम्मीद जताई है. इसके अलावा देवघर से चोरी हुई एक कार के संबंध में भी पुलिस को जानकारी मिली है, जिस पर आगे जांच की जा रही है.
एसडीपीओ और नगर थाना प्रभारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ दिलीप खलखो और नगर थाना प्रभारी प्रियंका आनंद मौजूद थीं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ने और फरार सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.