☰
Jharkhand

दुमका:हटिया टोला में रैयती जमीन पर जबरन घेराबंदी का आरोप, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई गुहार

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दुमका(DUMKA): जिले के जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत दुमका देवघर मुख्य मार्ग स्थित हटिया टोला में रैयती जमीन पर कथित रूप से जबरन घेराबंदी किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा उनकी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है. मामले की जानकारी मिलने के बाद जमीन के हकदार राजकुमार श्रीवास्तव पटना से दुमका पहुंचे और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की.

पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद

पीड़ित राजकुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी नानी की पुश्तैनी जमीन, जो उनकी मां के हिस्से में आई थी, जरमुंडी के हटिया टोला में स्थित है. उनके अनुसार इस जमीन में उनके हिस्से की लगभग एक एकड़ पांच डिसमिल भूमि है. आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उक्त जमीन की जबरन घेराबंदी की जा रही है.

विरोध पर धमकी देने का आरोप

राजकुमार श्रीवास्तव का कहना है कि जब उन्होंने जमीन की घेराबंदी का विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. इससे भयभीत होकर उन्होंने अपनी जमीन की सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर स्थानीय थाना, अनुमंडल पदाधिकारी  तथा उपायुक्त को आवेदन सौंपा है.

न्यायालय में पहले से लंबित है मामला

जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि विवाद का मामला पहले भी अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय में आपसी बंटवारे को लेकर पहुंच चुका है. इस मामले में  सुनवाई हुई थी और पक्षकारों को आगे सक्षम न्यायालय में जाने का निर्देश दिया गया था. बावजूद इसके, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवादित जमीन पर घेराबंदी का कार्य जारी है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर घेराबंदी कार्य रुकवाने तथा जमीन की स्थिति यथावत रखने की मांग की है. उनका कहना है कि प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने पर किसी भी समय विवाद गंभीर रूप ले सकता है.