दुमका: संताल परगना को झारखंड की सत्ता का प्रवेश द्वार कहा जाता है. राजनीतिक रूप से इस प्रमंडल की धमक ऐसी है कि वर्तमान में 18 विधानसभा सीटों में से 17 पर झामुमो और उसके गठबंधन का कब्जा है. मुख्यमंत्री से लेकर स्वास्थ्य मंत्री तक इसी प्रमंडल से आते हैं. सत्ता के गलियारों में संताल परगना की इतनी मजबूत भागीदारी के बावजूद यहां के अस्पताल डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहे हैं. विडंबना देखिए, जिस इलाके के हाथों में सत्ता की बागडोर है, वहां की जनता को इलाज के लिए डॉक्टर तक नसीब नहीं हो रहे हैं.
डॉक्टरों के लिए अब दक्षिण भारत का दरवाजा खटखटाएगी सरकार
दरअसल स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह इन दिनों दुमका में हैं. बासुकीनाथ धाम में पूजा अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे संताल परगना में डॉक्टरों की भारी कमी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने भी इस समस्या को स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड, खासकर संताल परगना प्रमंडल में डॉक्टरों की घोर किल्लत है और यह मामला सरकार के संज्ञान में है. उन्होंने बताया कि कैबिनेट के निर्णय के बाद एक टीम गठित की गई है, जो दक्षिण भारत के राज्यों में जाकर वहां के डॉक्टरों से झारखंड आकर सेवा देने का अनुरोध करेगी. दिसंबर में यह टीम बेंगलुरु और हैदराबाद का दौरा करेगी.
स्थानीय प्रतिभाओं पर भरोसा नहीं या व्यवस्था में ही कोई खामी?
अपर मुख्य सचिव के इस बयान ने कई असहज सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या झारखंड में प्रतिभाशाली छात्रों की कमी है? क्या यहां के युवा नीट की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करते? क्या राज्य के मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले डॉक्टर बनने के बाद अपने ही प्रदेश में सेवा नहीं देना चाहते? यदि ऐसा है तो इसके पीछे की वजह क्या है? आखिर सरकारी व्यवस्था ऐसी परिस्थितियां क्यों नहीं बना पा रही है कि झारखंड के मेडिकल कॉलेजों से निकलने वाले डॉक्टर अपने ही राज्य में सेवा देने को तैयार हों?
दक्षिण भारत के डॉक्टर आएंगे, लेकिन कितने और कब तक?
सरकार की पहल अपनी जगह है, लेकिन सवाल यह भी है कि बेंगलुरु और हैदराबाद जाकर डॉक्टरों से अनुरोध करने भर से क्या झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर बदल जाएगी? दक्षिण भारत के कितने डॉक्टर झारखंड आने के लिए तैयार होंगे? क्या वे सुदूर ग्रामीण और आदिवासी बहुल इलाकों में सेवा देने को राजी होंगे? और यदि सरकारी टीम के तमाम प्रयासों के बावजूद पर्याप्त संख्या में डॉक्टर नहीं मिले तो सरकार की अगली रणनीति क्या होगी?
सत्ता की मजबूती का पैमाना सिर्फ कुर्सी नहीं, अस्पतालों की हालत भी हो!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक संताल परगना की जनता डॉक्टरों की कमी का खामियाजा भुगतती रहेगी? राजनीतिक रूप से मजबूत प्रतिनिधित्व के बावजूद यदि अस्पतालों में चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं तो विकास और सुशासन के दावों का क्या अर्थ रह जाता है? सरकार को दूसरे राज्यों से डॉक्टर बुलाने के साथ साथ स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों की नियुक्ति, मेडिकल शिक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा देने के लिए बेहतर व्यवस्था पर भी ठोस कदम उठाने होंगे. वरना सत्ता के शीर्ष पर संताल परगना की भागीदारी तो बनी रहेगी, लेकिन यहां की आम जनता के हिस्से में इलाज के लिए इंतजार और भगवान भरोसे जिंदगी ही आएगी.
रिपोर्ट: पंचम झा
