Jharkhand

मसानजोर गेस्ट हाउस में चिकित्सक की संदिग्ध मौत, दोस्तों के साथ घूमने आए थे

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

दुमका: दुमका जिले के मसानजोर स्थित झारखंड सरकार के सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन (गेस्ट हाउस) में ठहरे एक चिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शनिवार सुबह उनका शव कमरे के बेड पर मिला. सूचना मिलते ही मसानजोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय चिकित्सक से जांच कराकर मौत की पुष्टि कराई. शव को पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया.

रांची के रहने वाले, हजारीबाग सदर अस्पताल में थे पदस्थापित

मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. शशि दिनकर मिंज के रूप में हुई है. वह रांची के बरियातू के निवासी थे और वर्तमान में हजारीबाग सदर अस्पताल में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे. उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और जमशेदपुर में पदस्थापित हैं. परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं.

शुक्रवार रात दोस्तों के साथ ठहरे थे गेस्ट हाउस में

जानकारी के अनुसार, डॉ. शशि दिनकर मिंज अपने तीन दोस्तों सुनील कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह और नीरज कुमार के साथ शुक्रवार रात मसानजोर स्थित निरीक्षण भवन के कमरा नंबर 1 और 2 में ठहरे थे. शनिवार सुबह जब उनके दोस्त उन्हें जगाने पहुंचे तो उनका शरीर ठंडा पड़ा था और कोई हलचल नहीं हो रही थी. इसके बाद तत्काल मसानजोर थाना पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराई चिकित्सकीय जांच

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ निरीक्षण भवन पहुंचे. स्थानीय चिकित्सक को बुलाकर जांच कराई गई, जिन्होंने डॉ. मिंज को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

मृतक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी और देर रात अपने अपने कमरों में सोने चले गए थे. फिलहाल चिकित्सक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

रिपोर्ट पंचम झा