Jharkhand

सनकी पिता बना हैवान! 13 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या, बचाने आए बुजुर्ग को भी उतारा मौत के घाट

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

दुमका (DUMKA): झारखंड के दुमका जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में एक पिता ने कथित रूप से अपनी ही 13 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी. इतना ही नहीं, बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग पर भी उसने हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.

मृत बच्ची की पहचान पुड़की कुमारी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक 68 वर्षीय सरजू मंडल बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज मंडल किसी बात को लेकर अपनी बेटी की पिटाई कर रहा था. इसी दौरान पास के खेत में मकई की कोड़ाई कर रहे सरजू मंडल ने बच्ची को बचाने की कोशिश की और आरोपी को रोकने का प्रयास किया.

बेटी की पिटाई के दौरान बीच-बचाव करना पड़ा भारी
बताया जा रहा है कि इससे गुस्साए आरोपी ने सरजू मंडल पर भी हमला कर दिया. हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए देवघर रेफर किया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी पिता को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी ने अपनी बेटी पर हमला क्यों किया और घटना की असली वजह क्या थी. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य कारण था.

दोहरी हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है.

रिपोर्ट : पंचम झा