Jharkhand

नशे के कारोबार पर शिकंजा, तीन दिन में चार गिरफ्तार, 23 पुड़िया ब्राउन शुगर सहित कई सामान बरामद

Samiksha Singh
Samiksha Singh
Sr. Content Writer

दुमका: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुमका जिला के जरमुंडी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. बासुकीनाथ नोनीहाट मुख्य मार्ग स्थित बोगली हटिया के पास छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को 23 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एल्यूमिनियम फॉयल, चाकू और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पिछले तीन दिनों में पुलिस चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

थाना प्रभारी दयानंद साह ने मंगलवार को जरमुंडी थाना परिसर स्थित पुलिस निरीक्षक कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 21 सितंबर की दोपहर वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि बोगली हटिया के पास बजरंगबली मंदिर के बगल स्थित एक झोपड़ीनुमा कमरे में ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री की जा रही है.

छापेमारी में युवक गिरफ्तार

सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल गठित किया गया. टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर प्रियांशु कुमार को पकड़ लिया. वह हंसडीहा थाना क्षेत्र के धावाटांड़ गांव का रहने वाला है.

सिगरेट के डिब्बे में मिलीं 23 पुड़िया

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान सिल्वर रंग के सिगरेट के डिब्बे से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुआ. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एल्यूमिनियम फॉयल, चाकू और वीवो कंपनी का स्मार्टफोन भी मिला.

एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी

पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में जरमुंडी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

एक दिन पहले तीन युवक पकड़े गए थे

इससे एक दिन पहले 20 सितंबर की रात पुलिस ने बासुकीनाथ मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के पास छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया था. इनमें भागलपुर निवासी सुदर्शन कुमार गोस्वामी तथा बासुकीनाथ निवासी शशि कुमार उर्फ शशि शेखर और शिवम गुप्ता शामिल थे.

3.75 ग्राम ब्राउन शुगर और नकदी बरामद

पुलिस के अनुसार तीनों के पास से कुल 3.75 ग्राम ब्राउन शुगर, 19,450 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए थे. पूछताछ में तीनों ने हंसडीहा से खेप लाकर बासुकीनाथ में बेचने की बात स्वीकार की थी.

तीन दिन में चार गिरफ्तारी

जरमुंडी पुलिस की लगातार कार्रवाई में तीन दिनों के भीतर नशे के अवैध कारोबार से जुड़े चार युवकों की गिरफ्तारी हुई है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

रिपोर्ट: पंचम झा