☰
Jharkhand

Big Breaking: मां के साथ लापता दो मासूमों के शव कुएं में मिले, दुमका से गोड्डा तक मचा हड़कंप

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दुमका: दुर्गापूजा के उल्लास के बीच दुमका से लापता हुए दो मासूम बच्चों की तलाश गुरुवार को दर्दनाक अंत तक पहुंच गई। नगर थाना के पास से एक महिला के साथ लापता हुए चार वर्षीय बेटे और नौ वर्षीय भतीजे के शव गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगा टांड गांव में एक कुएं में मिले। घटना की सूचना मिलते ही दुमका और गोड्डा पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों को कुएं से निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में महिला को पुलिस हिरासत में लिया गया है। बच्चों की मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पेट्रोल पंप से निकली महिला, फिर नहीं लौटी

जानकारी के अनुसार पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलिया डंगाल गांव निवासी विक्रम सिंह ग्रीनलैंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। 19 अक्टूबर को वह अपनी कार से पत्नी राखी कुमारी, चार वर्षीय बेटे अरब और नौ वर्षीय भतीजे आयुष कुमार के साथ दुमका आए थे। नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल भरवाने के दौरान राखी दोनों बच्चों को लेकर एक धार्मिक स्थल पर दर्शन करने जाने की बात कहकर निकलीं। इसके बाद न तो राखी का कोई पता चला और न ही दोनों बच्चों की कोई जानकारी मिल सकी।

पति की शिकायत पर दर्ज हुई अपहरण की प्राथमिकी

पत्नी और दोनों बच्चों के अचानक लापता होने के बाद विक्रम सिंह ने दुमका नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। दुर्गापूजा के दौरान हुई इस घटना को लेकर परिजन लगातार परेशान थे। पुलिस लापता महिला और दोनों बच्चों का सुराग पाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही थी।

मोबाइल लोकेशन ने गोड्डा तक पहुंचाया पुलिस को

जांच के दौरान महिला के मोबाइल की लोकेशन गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में मिलने की बात सामने आई। इसके बाद दुमका पुलिस ने गोड्डा पुलिस की मदद से तलाश तेज कर दी। पुलिस ने पहले महिला को हिरासत में लिया। बताया जाता है कि शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही। बाद में उसकी निशानदेही पर सलगा टांड गांव के एक कुएं में दोनों बच्चों के शव मिलने की जानकारी सामने आई।

मासूमों की मौत से उठे कई सवाल

दोनों बच्चों के शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर दुमका के एसडीपीओ समेत कई पुलिस पदाधिकारी और गोड्डा पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे क्या वजह है, इन सवालों का जवाब फिलहाल नहीं मिल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

TagsCRIME