Jharkhand

पेड़ तोड़ते हुए घर में घुसा अनियंत्रित हाइवा, कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया चालक

Pancham Jha Dumka
Pancham Jha Dumka
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

दुमका (DUMKA): दुमका जिला के हंसडीहा थाना के हंसडीहा-देवघर एनएच-133 पर धमना कुंडा मोड़ के समीप रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ को तोड़ते हुए एक मकान में जा घुसा.हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया.

पेड़ तोड़कर मकान में घुसा वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा पहले सड़क किनारे स्थित एक बड़े पेड़ से टकराया. टक्कर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि पेड़ टूट गया और वाहन सीधे मकान में जा घुसा. जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग नींद से जाग गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.

केबिन में फंसा चालक, शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना के अवर निरीक्षक जिम्मी हांसदा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसके कारण उसे निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया. इसके बाद गैस कटर, क्रेन और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकला चालक

करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्सों को गैस कटर से काटा गया. काफी प्रयास के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया.

पश्चिम बंगाल जा रहा था बालू लदा हाइवा

घायल चालक की पहचान 22 वर्षीय शाहिल शेख के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले का निवासी है. सहायक चालक अली उल्ला भी उसी गांव का रहने वाला बताया गया है. जानकारी के अनुसार हाइवा सारठ क्षेत्र से बालू लोड कर पश्चिम बंगाल जा रहा था.

मोड़ पर खोया नियंत्रण, हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार धमना कुंडा मोड़ के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा.इसके बाद हाइवा सड़क छोड़कर सीधे मकान की ओर बढ़ गया और घर में जा घुसा.पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

मकान को हुआ काफी नुकसान

हादसे में शंकर राय के मकान का बाहरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन की टक्कर से घर के कई सीमेंट पिलर टूट गए और भवन को काफी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया.

ग्रामीणों ने बचाव कार्य में किया सहयोग

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे चालक को समय रहते बाहर निकाला जा सका.

घर के लोग सुरक्षित, टल गया बड़ा हादसा

जिस मकान में हाइवा घुसा, उस समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। टक्कर से मकान का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई पिलर टूट गए, लेकिन सौभाग्यवश परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ.स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो जानमाल का नुकसान हो सकता था. परिवार के सुरक्षित बच जाने से पूरे इलाके ने राहत की सांस ली.

रिपोर्ट-पंचम झा