दुमका: खनिज संपदा से समृद्ध दुमका जिले में औद्योगिक विकास की राह कितनी चुनौतीपूर्ण है, इसकी एक बानगी रविवार की देर रात शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा कल्याणपुर इलाके में देखने को मिली. यहां प्रस्तावित कोल ब्लॉक के अन्वेषण और सर्वे कार्य के दौरान ग्रामीणों तथा पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई. घटना में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों में कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. दो पुलिसकर्मियों के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कुछ जवानों के फ्रैक्चर होने की भी सूचना है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है.
सर्वे कार्य का विरोध करने पर बढ़ा विवाद, पुलिस के पहुंचते ही बिगड़े हालात
बताया जाता है कि कल्याणपुर बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में सर्वे और अन्वेषण कार्य के सिलसिले में कंपनी के अधिकारी पहुंचे थे. ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. इसी दौरान कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंची. ग्रामीणों और पुलिस के बीच बातचीत से मामला सुलझने के बजाय तनाव बढ़ता चला गया. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया.
पत्थर और डंडों से हमला, पुलिसकर्मियों को आई गंभीर चोटें
आरोप है कि कोल ब्लॉक का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों को तत्काल शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका भेजा गया.
घायलों के सिर, हाथ और पैर में चोट, कई को फ्रैक्चर
हिंसक झड़प में घायल पुलिसकर्मियों की चोटों का विवरण भी सामने आया है. कई जवानों के सिर, हाथ और पैरों में चोट लगी है, जबकि कुछ के शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी चोटें लगी हैं. एसआई अनिल हांसदा के सिर और दाहिने हाथ की अंगुलियों में चोट आई है. शिवनी यादव के पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट बताई गई है. विनोद दास के कान, सिर और दोनों हाथों में चोट के साथ अंदरूनी चोट का भी उल्लेख है. फूल कुमार यादव के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट आई है. पूनम देवी के दाहिने पैर, सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में चोट बताई गई है. आनंद मुर्मू के सिर और कान में चोट के साथ चेहरे पर सूजन है. चार्ल्स मुर्मू और मुन्ना कुमार के सिर में चोट दर्ज की गई है, जबकि अमरनाथ के पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में जख्म होने की जानकारी है.
सात घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह और सुनील हांसदा को बेहतर इलाज के लिए शिकारीपाड़ा से दुमका रेफर किया गया. घायलों का फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज किया गया. घटना की जानकारी मिलने पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान और सिविल सर्जन भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली.
अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश
डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायल पुलिसकर्मियों का समुचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन कोल ब्लॉक क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. झड़प के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
डीप बोरिंग के लिए 13 नवंबर को जारी हुआ था ग्रामसभा का नोटिस
इस पूरी घटना के पीछे ग्रामसभा की बैठक भी एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आई है. अंचल राजस्व न्यायालय, शिकारीपाड़ा की ओर से 13 नवंबर 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, एचपीसीएल को आवंटित कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक क्षेत्र में अन्वेषण कार्यक्रम के तहत डीप बोरिंग कराई जानी थी. इसके लिए संबंधित मौजा के 16 आना रैयतों की उपस्थिति में ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया था.
22 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निर्धारित थी ग्रामसभा
नोटिस में ग्राम प्रधान और ग्रामसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए 22 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे ग्रामसभा की तिथि निर्धारित की गई थी. संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक और अंचल निरीक्षक को ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामसभा सुनिश्चित कराने को कहा गया था. साथ ही ग्राम प्रधान को अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा ग्रामसभा की कार्यवाही का विवरण और मतव्य सहित उसकी प्रति अंचल कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था.
ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कराने की तैयारी के बीच ग्रामीणों का विरोध
बताया जा रहा है कि कोल ब्लॉक क्षेत्र में डीप बोरिंग का प्रस्ताव ग्रामसभा से पारित कराने की प्रक्रिया के तहत कंपनी के अधिकारी रविवार शाम इलाके में पहुंचे थे. उनके पहुंचते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. ग्रामीणों के विरोध और कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की स्थिति के बीच पुलिस के हस्तक्षेप से मामला और उलझ गया. देर रात तक चले घटनाक्रम ने हिंसक रूप ले लिया. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घायल हो गए.
खनिज संपदा के बावजूद औद्योगिक विकास के सामने चुनौती
दुमका जिला खनिज संपदा के लिहाज से समृद्ध है और यहां कोयला सहित अन्य खनिज संसाधनों की उपलब्धता औद्योगिक विकास की संभावनाएं पैदा करती है. लेकिन प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और अन्वेषण कार्य को लेकर जिस तरह विरोध और हिंसक टकराव की स्थिति बनी है, उसने क्षेत्र में उद्योग स्थापना की चुनौतियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्रामीणों की आपत्तियों और उनकी सहमति से जुड़े सवालों का समाधान निकालकर विकास की प्रक्रिया को आगे कैसे बढ़ाया जाएगा.