दुमका (DUMKA) : सावन का पावन महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है. सावन के अवसर पर दुमका के प्रसिद्ध बासुकीनाथ धाम में मासव्यापी मेला लगा हुआ है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर फौजदारी बाबा पर जलार्पण कर रहे हैं. सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बासुकीनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा.
देर रात से ही कतार में लगने लगे श्रद्धालु
अंतिम सोमवारी पर बाबा के जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. देर रात से ही श्रद्धालु फौजदारी बाबा पर जलार्पण के लिए कतारबद्ध होने लगे. मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार दिखाई दी. हर ओर बोल बम और हर हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
सुबह तीन बजे खुला बाबा का पट
सुबह करीब तीन बजे सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद बाबा का पट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर फौजदारी बाबा पर जलार्पण किया. भीड़ को देखते हुए अरघा के माध्यम से सुगम और सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्था की गई है.
अंतिम सोमवारी पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
अंतिम सोमवारी को उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. डीसी, एसपी सहित तमाम वरीय पदाधिकारी मेला क्षेत्र की व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं.
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल और दंडाधिकारी तैनात
मेला क्षेत्र में जगह जगह दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की कतार को व्यवस्थित रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक टीम लगातार सक्रिय है.
सीसीटीवी से मेला क्षेत्र पर पैनी नजर
बासुकीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है. प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
भागलपुर से जल लेकर पहुंचे डाक बम को प्राथमिकता
अंतिम सोमवारी पर बड़ी संख्या में डाक बम भी बासुकीनाथ धाम पहुंचे. भागलपुर से गंगाजल लेकर पहुंचे डाक बम श्रद्धालुओं के लिए भी सुगम जलार्पण की व्यवस्था की गई है. प्रशासन की ओर से उनकी धार्मिक यात्रा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखा जा रहा है.
श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा प्रशासन की प्राथमिकता
जिला प्रशासन का प्रयास है कि देश विदेश के विभिन्न हिस्सों से बासुकीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण के साथ सुरक्षित और सुखद धार्मिक अनुभव मिले. अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भीड़ के बावजूद प्रशासनिक व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखा गया है.
रिपोर्ट –पंचम झा