धनबाद(DHANBAD): परिसीमन को लेकर पूरे देश में चर्चा छिड़ गई है. सभी राज्यों में राजनीतिक दल अपने -अपने हिसाब से गणित बैठा रहे है. झारखंड में भी नए ढंग की राजनीति शुरू हो गई है. बता दें कि 2007 में परिसीमन के चर्चा के दौरान झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या 28 से घटकर 22 और लोकसभा सीटों की संख्या 5 से घटकर चार करने का प्रस्ताव आया था. इसका राज्य में व्यापक विरोध हुआ था, इसके बाद केंद्र सरकार को कानून में संशोधन कर झारखंड में परिसीमन लागू करने पर रोक लगानी पड़ी थी. हालांकि फिलहाल यह प्रस्ताव अभी केवल कैबिनेट से पास हुआ है. संसद से मंजूरी के बाद संवैधानिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी ,अगर बिल पास भी हो जाता है, तो झारखंड में केवल सात अतिरिक्त लोकसभा और करीब 41 अतिरिक्त विधानसभा सीटों का मामला ही सामने नहीं आएगा.
कई विधानसभा क्षेत्र का भौगोलिक विस्तार या विभाजन हो सकता है
इसके साथ राज्य के निर्वाचन क्षेत्र की सीमाएं, आरक्षण का स्वरूप और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सामाजिक संतुलन भी नए सिरे से निश्चित होगा। कई विधानसभा क्षेत्र का भौगोलिक विस्तार या विभाजन हो सकता है. कोयलांचल में भी इसका असर हो सकता है. नए निर्वाचन क्षेत्र बनने से नए -नए इलाके नए -नए विधानसभा में शामिल किये जा सकते है. राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र के समीकरण भी बदल सकते है. यहाँ बताना जरूरी है कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा की राजनीति का प्रमुख आधार आदिवासी समाज ही रहा है. ऐसे में परिसीमन और आरक्षण के नए निर्धारण का मुद्दा झामुमो के लिए बड़ा महत्व रखता है. कांग्रेस सहित अन्य दलों के सामने भी अपने-अपने सामाजिक और क्षेत्रीय आधार को नए निर्वाचन क्षेत्र में मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी। भाजपा समेत अन्य दलों के लिए भी बढ़ी हुई सीट नए क्षेत्रों में संगठन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के विस्तार का अवसर मिल सकता है.
आदिवासी बाहुल इलाकों में परिसीमन पर क्यों रहेगी झामुमो की नजर
सवाल उठता है कि झामुमो के लिए कोल्हान और संथाल, जहां उसकी पकड़ मजबूत है, कितना असर पड़ेगा। परिसीमन से कौन-कौन सीट प्रभावित होंगी। यह तो तय है कि कोल्हान ,संथाल परगना और दक्षिण छोटा नागपुर के आदिवासी बाहुल इलाकों में परिसीमन का खास असर झामुमो पर पड़ सकता है. बरहेट, बोरियो, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, चाईबासा, मझगांव, चक्रधरपुर, खरसावां, मनोहरपुर, खूंटी, तोरपा, सिसई, गुमला और बिशुनपुर जैसे क्षेत्रों के राजनीतिक स्वरूप पर भी झामुमो की नजर रहेगी। इस प्रस्ताव के कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद ही झारखंड मुक्ति मोर्चा गुणा भाग कर रहा है. यह बात भी तय है कि अगर झामुमो को आदिवासी आरक्षित सीटों पर खतरा महसूस हुआ तो झारखंड में आंदोलन भी शुरू हो सकता है.
