धनबाद (DHANBAD): कभी देश के औद्योगिक विकास की पहचान रही सिंदरी एक बार फिर उर्वरक उद्योग का बड़ा केंद्र बनने की तैयारी में है. खाद कारखाने की पुरानी पहचान को नई ऊंचाई देने के लिए यहां करीब 40 हजार करोड़ रुपये के नए निवेश की योजना पर काम चल रहा है. इसमें डीएपी, एनपीके और कोयला गैसीफिकेशन आधारित यूरिया संयंत्र स्थापित करने की तैयारी है. सवाल है कि इस बड़े निवेश से क्या सिंदरी की सूरत बदलेगी और क्या धनबाद की आर्थिक सेहत को नई मजबूती मिलेगी?
बहुत पुराना है सिंदरी का औद्योगिक इतिहास
हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल) के प्रबंध निदेशक शिवप्रसाद मोहंती गुरुवार को सिंदरी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अमोनिया और यूरिया संयंत्र का निरीक्षण किया. साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्पादन की स्थिति की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए.सिंदरी का औद्योगिक इतिहास काफी पुराना है. 1951 में यहां उर्वरक कारखाने की शुरुआत हुई थी. तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 1952 में इसका उद्घाटन किया था. एक दौर में सिंदरी देश के प्रमुख उर्वरक उत्पादन केंद्रों में शामिल था. हालांकि, मार्च 2002 में पुराने कारखाने के बंद होने से इस औद्योगिक पहचान को बड़ा झटका लगा.
25 मई 2018 को हर्ल का हुआ था शिलान्यास
इसके बाद केंद्र सरकार ने सिंदरी में औद्योगिक गतिविधियों को फिर से गति देने की पहल की. 25 मई 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बलियापुर से हर्ल के नए खाद कारखाने का शिलान्यास किया था. करीब 8,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इस संयंत्र की सालाना उत्पादन क्षमता 12.7 लाख मीट्रिक टन यूरिया है.अब सिंदरी में औद्योगिक विस्तार की दूसरी बड़ी तैयारी है. प्रबंध निदेशक के अनुसार, डीएपी और एनपीके संयंत्र की फीजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है. करीब 20 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना को संवेदक की नियुक्ति के बाद 27 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
धनबाद की अर्थव्यवस्था के लिए भी नई उम्मीद
इसके अलावा भारत सरकार के नेशनल कोल गैसीफिकेशन मिशन के तहत कोल इंडिया के सहयोग से कोयला गैसीफिकेशन आधारित यूरिया परियोजना पर भी काम किया जा रहा है. इसमें कोल इंडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. कुल मिलाकर सिंदरी में प्रस्तावित निवेश औद्योगिक विकास के साथ रोजगार, स्थानीय कारोबार और धनबाद की अर्थव्यवस्था के लिए भी नई उम्मीद जगा रहा है.
रिपोर्ट -प्रकाश महतो
