धनबाद (DHANBAD): धनबाद के दो बड़े स्कूलों पर खतरा उत्पन्न हो गया है. सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन की कवायद लगातार जारी है. कहीं बुलडोजर चलाया जा रहा है, तो कहीं नोटिस जारी किए जा रहे हैं. अब इस कार्रवाई की जद में शहर के दो बड़े और नामी-गिरामी स्कूल आ गए हैं. झारूडीह स्थित कार्मेल स्कूल और जयप्रकाश नगर स्थित डिनोबिली स्कूल प्रबंधन को धनबाद के अंचल अधिकारी ने नोटिस जारी किया है.
स्कूलों के परिसर की जमीन सरकारी होने पर नोटिस
दरअसल, अंचल कार्यालय के राजस्व रिकॉर्ड की जांच में दोनों स्कूलों के परिसर की जमीन सरकारी होने की बात सामने आने का दावा किया गया है. इतना ही नहीं, डिनोबिली स्कूल के पार्किंग क्षेत्र की जमीन पर भी सरकारी होने का दावा किया गया है. इस संबंध में अंचल अधिकारी ने दोनों स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जमीन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. जानकारी के अनुसार, डिनोबिली स्कूल खाता संख्या 136 के प्लॉट नंबर 333 में स्थित है.
पार्किंग क्षेत्र को भी सरकारी होने का किया गया है दावा
राजस्व रिकॉर्ड के मुताबिक यहां करीब 75 डिसमिल जमीन सरकारी बताई गई है. इसके अलावा स्कूल का लगभग एक एकड़ पार्किंग क्षेत्र भी सरकारी जमीन पर होने का दावा किया गया है. वहीं, झारूडीह स्थित कार्मेल स्कूल की जमीन को लेकर भी अंचल कार्यालय ने जांच की है. राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, खाता संख्या 142 के प्लॉट नंबर 91 में एक एकड़ 69 डिसमिल जमीन केसरी हिंद दर्ज है. इसके अलावा खाता संख्या 136 के प्लॉट नंबर 22 में एक एकड़ पांच डिसमिल जमीन सरकारी बताई गई है.अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार ने दोनों स्कूल प्रबंधन को सात दिनों के भीतर जमीन से जुड़े वैध कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.
