☰
Jharkhand

कतरास में आधी रात के बाद क्या हुआ कि धू -धू कर जलने लगी कार ,पुलिस पहुंची तो क्या हुआ?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  कतरास में एक अजब घटना घटित हुई है. कार तो जल गई लेकिन सवार बच गए. मतलब ,अगर आप 10-20 लाख की गाड़ी में जा रहे हैं ,फिर भी आप कितने देर सुरक्षित रहेंगें  यह  आप खुद भी नहीं जानते है.  धनबाद के कतरास में गुरुवार की देर रात की हुई घटना ने सबको भौचक कर दिया है.  रात के सन्नाटे में अचानक तेज धमाके की आवाज और उसके बाद धू-धू कर जलती कार ने कतरास के लिलौरी मंदिर इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. 

हादसा इतना जोरदार था कि कार रेलवे फाटक के हाइट गेट से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई. मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया.घटना गुरुवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है. कतरास थाना क्षेत्र के NH-32 स्थित लिलौरी मंदिर स्थान, शाखाटांड़ के समीप धनबाद रेल डिवीजन के रेलवे फाटक संख्या 3/SPL/T पर हुई.

बताया जाता है कि बोकारो की ओर से एक लग्जरी कार आ रही थी. इसी दौरान रेलवे फाटक के पास कार अनियंत्रित होकर हाइट गेट से जोरदार जा टकराई. टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया.हादसे की सूचना मिलते ही कतरास थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए धनबाद अस्पताल भेजा। इसके बाद पुलिस ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने तक कार काफी हद तक जल चुकी थी और कुछ ही देर में पूरी तरह खाक हो गई।

इधर, रेलवे फाटक से होकर गुजरने वाले राहगीरों ने बताया कि फाटक के पास पहुंचने पर उन्होंने एक कार को जलते हुए देखा. उस समय कार में दो लोग सवार थे. पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर कार के हाइट गेट से टकराने के बाद आग लगने की बात सामने आई है. हादसा किस परिस्थिति में हुआ और कार की रफ्तार कितनी थी, इसकी भी जांच की जा रही है.