Jharkhand

वासेपुर फायरिंग: उत्तर प्रदेश की गोली से घायल युवती ने आंखो देखी फिल्म "गैंग्स ऑफ वासेपुर" की सच्ची कहानी?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): उत्तर प्रदेश की युवती फिल्म में "गैंग्स ऑफ़ वासेपुर" की जो कहानी देखी-सुनी थी, पर सोमवार को बिल्कुल वैसी ही कहानी उसके आंखों के सामने रील की तरह घटित हो गई. ताबड़तोड़ फायरिंग में वह घायल हो गई. उसे दो गोलियां लगी है. उसका नाम कुमकुम बताया जाता है. कुमकुम पहली बार उत्तर प्रदेश के गोंडा से धनबाद आई थी. वह अपनी मौसी के घर पांडरपाला आई थी. उसके किसी रिश्तेदार का निकाह होने वाला है. सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि नवंबर महीने में उसका भी निकाह होने वाला है. शादी की खरीदारी के लिए ही वह सोमवार को ऑटो से निकली थी. जैसे ही, भूली मोड में ऑटो से उतरकर आगे बढ़ी, ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. कहते हैं कि सानू खान और शूटरो के बीच में आने की वजह से वह गोली की चपेट में आ गई और अस्पताल पहुंच गई. 

घटना के बाद बाजार में पसर गया था सन्नाटा, छावनी में बदल गया था इलाका 

"गैंग्स ऑफ़ वासेपुर" पार्ट 1 और पार्ट 2 में भी लगभग इसी तरह की कहानी दिखाई गई है. उल्लेखनीय है कि सोमवार को फायरिंग की घटना के बाद भूली मोड़ में दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद होने लगे थे. हालांकि कारोबारी दिन की शुरुआत में ही यह घटना घट गई. कई दुकानें अभी खुली हुई भी नहीं थी, लेकिन कुछ दुकान खुल चुकी थी. देखते-देखते पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल गया. पुलिस ने बैंक मोड़ ओवर ब्रिज के नीचे स्थित सड़क को दोनों तरफ से ब्लॉक कर दिया. इधर, यह भी सूचना निकल कर आई है कि हमलावरों की गोली से घायल सद्दाम 2023 में प्रिंस खान के रंगदारी के पैसों के प्रबंधन को लेकर जेल जा चुका है. वह रोज सुबह दुकान नहीं आता था. उसका भाई दुकान संभालता है. भाई की आंखों में इंफेक्शन के कारण सोमवार को सद्दाम दुकान खोलने आया था. वह दुकान में छुककर दूध को व्यवस्थित कर रहा था, इसी दौरान गोली चली और उसके कमर में लग गई. 

"गैंग्स ऑफ वासेपुर" फिल्म 2012 में दो भागों में रिलीज हुई थी

अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित "गैंग्स ऑफ वासेपुर" 2012 में दो भागों में रिलीज हुई थी. इस फ़िल्म में सरदार खान के रूप में मनोज बाजपेयी, शाहिद खान के रूप में जयदीप अहलावत और फैजल खान के रूप में नवाजुद्दीन सिद्दीकी हैं. बाकी कलाकारों में ऋचा चड्ढा, पंकज त्रिपाठी, हुमा कुरैशी और तिग्मांशु धूलिया भी शामिल थे. इस फिल्म ने एक कल्ट स्टेटस हासिल किया और इसकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है.अनुराग कश्यप ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कई दिलचस्प किस्से सुनाए थे. जिनमें से एक उन्होंने बताया था कि फिल्म की शूटिंग हिडन कैमरा लगाकर की गई थी. यानि जैसे मार्केट के सीन के लिए अलग से लोकेशन क्रीएट नहीं हुआ, बल्कि रियल मार्केट में लोगों के बीच इसकी शूटिंग की गई थी, वह भी हिडन कैमरा लगाकर. फिलहाल इसका तीसरा पार्ट आने की चर्चा तेज है. इससे जुड़ा अनुराग कश्यप का एक ट्वीट भी कुछ दिनों पहले आया था.