धनबाद(DHANBAD) | दशकों पहले नया बाजार और वासेपुर के बीच चले गैंगवार और पिछले कई साल से वासेपुर में चल रहे गैंगवार में सोमवार को यह पहला मौका था, जब "टारगेटेड फायरिंग" नहीं की गई थी. अंधाधुंध फायरिंग की गई,जिसमें राहगीर महिला और दुकानदार भी घायल हो गए. जानकार यह भी कहते हैं कि या तो फायरिंग करने वाले "टारगेट" चूक गए या फिर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत का माहौल बनाना चाहते थे? इस फायरिंग में यूपी की एक महिला, एक दुकानदार और गैंगस्टर फहीम खान का भाई घायल हो गए. घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह नए ढंग के गैंगवार की शुरुआत है ?
बाइक पर पीछे बैठा युवक फायरिंग कर रहा था, उसकी उम्र कम थी
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बाइक पर पीछे बैठा युवक फायरिंग कर रहा था. उसकी उम्र कम थी. बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था. हमलावर नया बाजार की ओर से आए और वासेपुर की तरफ निकल भागे। हमले में दो गोली सानू खान के बाएं हाथ में लगी है और एक गोली जाँघ को छूकर निकल गई है. दो गोली अपनी नानी के घर आई महिला के कमर में लगी है. वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली है. तीसरा घायल व्यक्ति दुकानदार है. बताया जाता है कि गोली लगने से दुकानदार सद्दाम की किडनी पर असर हुआ है. उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. सूत्र बताते हैं कि सानू खान पर इसके पहले भी हमले हुए है. 1 दिसंबर 24 को भूली मोड ऑटो स्टैंड के पास दो बाइक सवार हमलावरों ने सानू खान पर फायरिंग की थी. वह उस समय बाल -बाल बच गए थे. कहते हैं उस समय पहुंचे अपराधियों का हथियार धोखा दे गया था.
फहीम खान के परिवार पर इसके पहले भी हमले हुए हैं
वैसे, तो फहीम खान के परिवार पर इसके पहले भी हमले होते रहे है. इसी साल 20 फरवरी की रात वासेपुर के अलीपुर में एसबीआई बैंक के पास दो लड़कों ने फहीम खान के बेटे इकबाल खान को मारने की कोशिश की थी. पीछा करने पर दोनों ने इकबाल खान के ड्राइवर हैदर उर्फ बबली को गोली मार दी थी. इससे पहले 2023 में वासेपुर आरा मोड़ मटकुरिया शिव मंदिर रोड में इकबाल खान को शूटरों ने गोली मार दी थी. हमले में इकबाल के एक करीबी की घटनास्थल पर भी मौत हो गई थी. सोमवार को घटना के समय मौके पर मौजूद एक व्यक्ति के अनुसार हम लोग बॉस(फहीम खान ) के भाई के साथ खड़े थे. अचानक गोली चलने लगी. हम बॉस के भाई को पकड़ कर भागे। बोले---- पकड़- पकड़ ,लेकिन वह भाग गए. शूटर कम उम्र के लड़के थे. बाइक चलाने वाला लड़का ब्लैक रंग का कपड़ा पहना था. वह हेलमेट लगाया था. गोली चलाने वाले की शर्ट के पीछे स्टीकर जैसा प्रिंट था. गोलीबारी के बाद दोनों वासेपुर की तरफ भाग गए. इधर, पता चला है कि सानू खान के बयान पर पुलिस घटना की प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है.
