धनबाद(DHANBAD): मेयर संजीव सिंह के करीबी रहे रंजय सिंह उर्फ राजीव रंजन सिंह की 29 जनवरी 2017 की संध्या को गोलियों से भून दिया गया था. यह घटना धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में हुई थी. बिग बाजार के सामने चाणक्य नगर मोड़ पर हत्याकांड को अंजाम दिया गया था. जानकारी के अनुसार इस बहुचर्चित हत्याकांड के मामले में 5 सितंबर को अदालत अपना फैसला सुना सकती है.
अदालत ने मामले के आरोपी हर्ष सिंह को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है. नंदकिशोर सिंह उर्फ मामा फिलहाल जेल में है. कोयलांचल के हाई प्रोफाइल इस हत्याकांड के फैसले पर सब की नजर टिकी हुई है. जानकारी के अनुसार न्यायालय ने अभियोजन पक्ष की अंतिम बहस पूरी होने के बाद फैसले की तिथि मुकर्रर की है. अदालत ने आदेश दिया है कि फैसले के दिन नंदकुमार सिंह उर्फ मामा और आरोपी धैया निवासी हर्ष सिंह को कोर्ट में उपस्थित रहना होगा।
बता दें कि मेयर संजीव सिंह के करीबी माने जाने वाले रंजय सिंह उर्फ रवि रंजन सिंह को घेर कर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. पुलिस ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी राजा यादव के बयान पर चार्ज शीट दाखिल की थी. बताया जाता है कि 29 जनवरी 2017 की शाम के वक्त रंजय सिंह चाणक्य नगर से राजा यादव के साथ जा रहे थे. रास्ते में ही उन पर गोलियों की बौछार हो गई. घायल अवस्था में उन्हें केंद्रीय अस्पताल ले जाया गया था. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. राजा यादव के बयान पर सरायढेला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. उस समय धनबाद के एसपी मनोज रतन चौथे थे. पुलिस ने जांच के क्रम में बिहार के भोजपुर में छापामारी कर नंदकिशोर सिंह उर्फ मामा को गिरफ्तार किया था.
