Jharkhand

धनबाद में ओबी डंपिंग पर बवाल, महापौर संजीव सिंह ने रोका काम, बीसीसीएल पर उठाए सवाल

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

धनबाद(DHANBAD):  जिले के सिजुआ एरिया के कनकनी क्षेत्र में संचालित राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंपिंग के लिए जोड़िया नदी के पास रास्ता निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. पीबी एरिया के एकड़ा स्थित जोड़िया नदी के समीप बीसीसीएल अधिकारियों द्वारा बनाए जा रहे इस रास्ते का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.

सूचना मिलने पर धनबाद के महापौर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों का समर्थन करते हुए पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने जोड़िया नदी की स्थिति का जायजा लिया और बीसीसीएल अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए सवाल खड़े किए. महापौर ने कहा कि बिना उचित प्रक्रिया और स्थानीय हितों को नजरअंदाज कर आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कार्य किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि राम अवतार आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंपिंग के लिए नदी के रास्ते को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिससे जोड़िया नदी का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है. लोगों ने कहा कि इस नदी से उनका जीवन जुड़ा हुआ है और इसके बंद होने से आसपास के गांवों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा.

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह नदी न केवल सिंचाई ब्लकि जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है, यहां वर्षों से छठ पूजा का आयोजन होता आ रहा है, साथ ही यह क्षेत्र एक मुक्ति धाम भी है, जिससे इसकी सांस्कृतिक और सामाजिक अहमियत और बढ़ जाती है.

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि इस मामले को लेकर वह बीसीसीएल के सीएमडी से मुलाकात करेंगे और स्थानीय लोगों की समस्याओं को उनके सामने रखेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी और पर्यावरण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. विवाद बढ़ने के बाद फिलहाल ओबी डंपिंग के लिए बनाए जा रहे रास्ते के निर्माण कार्य को रोक दिया गया है. हालांकि स्थानीय लोगों में अब भी नाराजगी बनी हुई है और वे स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

रिपोर्ट-नीरज कुमार