Jharkhand

झारखंड राज्य सभा चुनाव में ट्विस्ट: झामुमो ने कह दी बड़ी बात,मेरे पास 56 नहीं 61,फिर तो मच गई सनसनी

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

tnp desk: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी उफान पर है. होटल पॉलिटिक्स शुरू हो गई है .विधायकों के हर कदम पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. विधायक चाहे एनडीए के हो अथवा महागठबंधन के, सब पर निगरानी रखी जा रही है. 18 जून को वोटिंग होनी है. एक सीट तो झामुमो की पक्की है, लेकिन दूसरी सीट के लिए जबरदस्त रस्सा कशी चल रही है. दोनों ओर से मोर्चाबंदी की गई है. 

इस बीच झामुमो के एक ट्वीट से हलचल मच गई है. झामुमो ने अपने अधिकृत एक्स हैंडल पर लिखा है कि 56 नहीं 61 ,उस ट्वीट में इसके अलावे तो कुछ नहीं लिखा गया है, लेकिन इसका साफ इशारा राज्यसभा चुनाव को लेकर माना जा रहा है. यह ट्वीट विनोद पांडे ने किया है. 

दरअसल ,एक सीट पर परिमल नाथवानी और कांग्रेस के प्रणव झा की लड़ाई से मामला दिलचस्प हो गया है. परिमल नाथवानी को एनडीए सपोर्ट कर रहा है और उसके पास 24 विधायक हैं. परिमल नाथवानी को जीत के लिए चार वोट की जरूरत है और इसी वजह से किसी न किसी खेल को लेकर आशंका व्यक्त की जा रही है. एक सीट पर जीत के लिए कम से कम 28 विधायकों के वोट की जरूरत है. 

तकनीकी रूप से गठबंधन के दोनों प्रत्याशी जीत रहे हैं, लेकिन परिमल नाथवानी के मैदान में उतरने से किसी खेल की आशंका बलवती हो गई है. झामुमो ने बैजनाथ राम को पार्टी का प्रत्याशी बनाया है. गठबंधन में कुल 56 विधायक हैं. जिसमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और माले के दो विधायक हैं. 

एनडीए के सभी विधायक रांची के होटल में शिफ्ट हो चुके हैं, जो नहीं पहुंचे हैं वह आज पहुंच जाएंगे. इस बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मॉक पोलिंग कराई .झामुमो को 29 और कांग्रेस को 27 वोट मिले. कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सभी 56 विधायक एकजुट हैं. 

वोट में गलती ना हो जाए ,इसलिए मॉक ड्रिल हुई. दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है. इस बीच यह भी चर्चा है कि कांग्रेस भी अपने सभी विधायकों को एक होटल में शिफ्ट करने की तैयारी में है. कांग्रेस के झारखंड प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष विधायकों के साथ लगातार बैठकर कर रहे हैं.