धनबाद (DHANBAD) : हुल दिवस के अवसर पर धनबाद में वीर सिद्धू-कान्हू की शहादत को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर कार्यक्रम आयोजित कर महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया गया. बरमसिया पुल चौक स्थित वीर सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
आवाज उठाने की प्रेरणा देता है
इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वीर सिद्धू-कान्हू ने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के खिलाफ साहसपूर्वक संघर्ष किया. उन्होंने अपने समाज और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया. उनका संघर्ष केवल उस दौर तक सीमित नहीं था, बल्कि आज भी अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है.
साहस, राष्ट्रभक्ति और त्याग का प्रतीक
उन्होंने कहा कि सिद्धू-कान्हू का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति और त्याग का प्रतीक है. उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को एकजुट होकर न्याय और समानता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं.
बताए मार्ग पर चलने का संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने वीर सिद्धू-कान्हू को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि हुल विद्रोह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसने आदिवासी समाज में स्वाभिमान और आजादी की चेतना जगाई. ऐसे वीर सपूतों का बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा.
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे. सभी ने वीर शहीदों के सम्मान में पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया.
रिपोर्ट – नीरज कुमार
