धनबाद (DHANBAD): बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र की न्यू आकाशकिनारी कोलियरी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. जीटीए में हाल रोड पर अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से 53 वर्षीय मधुसूदन यादव की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक कैलूडीह का रहने वाला था. बताया गया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था. इसी दौरान ओबी डंपिंग में लगे भारी वाहन की चपेट में आ गया. वाहन से कुचलने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने हाल रोड को जाम कर दिया और ओबी डंपिंग में चल रहे परिवहन कार्य को रोक दिया. सूचना मिलने पर कतरास थाना की पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली. हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है.
मौके पर वार्ड नंबर दो के पार्षद मो. शहाबुद्दीन भी पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया. काफी देर तक लोग शव के साथ घटनास्थल पर जमे रहे. वहीं कोलियरी प्रबंधन और कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा आउटसोर्सिंग कंपनी के ओबी डंपिंग कार्य में लगे वाहन से हुआ है. हालांकि, वाहन की पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के जिम्मेदार वाहन व चालक की जानकारी जुटाई जा रही है.
