☰
Jharkhand

2026 में झारखंड की तीन बड़ी बैंक डकैतियाँ: पांच अपराधियों का बैंक में प्रवेश केवल संयोग या कोई टोटका ,क्यों टारगेट में है बड़े बैंक ?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद : 2026" में झारखंड के बैंक, सोना लुटेरे  गिरोह के निशाने पर हैं .  24 अप्रैल को हजारीबाग के बरही , बैंक आफ महाराष्ट्र में बड़ी  डकैती हुई थी.  इस डकैती में लगभग 4 किलो सोना लूटा  गया था.   5 अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था.  बाद में इस मामले में उत्तर प्रदेश से कुछ गिरफ्तारियां हुई थी.  उसके बाद 24 सितंबर 2026 को जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक को अपराधियों ने लूट लिया था.  यह लूट की बड़ी घटना थी.  कई  किलो सोना और 40 लाख  रुपए से अधिक की लूट हुई थी.  इस घटना में भी 5 अपराधी थे.  सुबह बैंक के खुलते ही अंदर घुसे, बैंक कर्मियों और गार्ड के मुंह पर सेलो टेप साट  दिया और करीब एक  घंटे तक बैंक में रहकर सिर्फ उन्हीं लॉकरों  को निशाना बनाया , जिनमे  ग्राहकों के गिरवी सोना रखे हुए थे.  

क्यों पांच ही अपराधी बैंक के भीतर प्रवेश करते हैं ?

मतलब साफ था कि अपराधियों ने बैंक की पूरी तरह से घटना के पहले रेकी  की थी और उन्हें पूरी जानकारी थी.  इसी महीने 5 नवंबर को गिरिडीह जिले के राजधनवार के यूको बैंक में बड़ी डकैती हो गई.  5 करोड रुपए से अधिक की डकैती हुई है.  बताया गया था कि 5 अपराधी बैंक में प्रवेश किये  और ग्राहकों को "गन पॉइंट" पर लेकर घटना को अंजाम दिया।  जानकारी के अनुसार 5 अपराधी बैंक के अंदर गए थे और दो अपराधी बाहर वाहन   में मौजूद थे.  बैंक के भीतर घटना को अंजाम देने के बाद जब अपराधी बाहर निकले, तो उन्होंने लूटी गई राशि और गहने  बाहर इंतजार कर रहे  अपराधियों को दे  दिया और उसके बाद वह लापता हो गए.  हालांकि इस मामले में जानकारी मिल रही है कि पांच संदिग्ध  को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.  अनुमान लगाया जा रहा है कि पांचो बैंक डकैती में शामिल रहे होंगें। एक को ग्रामीणों ने पकड़ भी लिया था. 

6 सितंबर 22 को धनबाद में भी हुई थी कोशिश 
 
इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और बिहार के चकाई थाना क्षेत्र से एक बाइक को लावारिस हालत में बरामद किया  है. पुलिस ने बाइक को जब्त  कर लिया है.  माना जा रहा है कि यह  बाइक, डकैती में शामिल अपराधियों की रही होगी।  पुलिस इसकी जांच कर रही है.  बाइक की बरामदगी   से पुलिस को कुछ सुराग  मिल सकता है.   आपको याद होगा कि 6 सितंबर 2022 को धनबाद के मुथूट फाइनेंस में डाका  डालने की कोशिश हुई थी.  यह  अलग बात है कि पुलिस की सक्रियता से डकैती की घटना नाकाम हो गई और एक डकैत घटनास्थल पर ही मारा  गया था, जबकि दो पकड़ लिए गए थे.  इस घटना के संबंध में उसे समय पता चला था कि भूली का कोई लड़का सोने की चेन बदलने और उसकी दर जानने के लिए कई बार मुथूट फाइनेंस गया था और वह घूम-घूम कर सारी व्यवस्थाओं को देखा  था.  उसके बाद 6 सितंबर 22 को डकैती की कोशिश की गई थी.