Jharkhand

धमकी का खेल:विधायक अरूप की शिकायत पर ढुल्लू महतो और प्रिंस खान पर बीएनएस की इन धाराओं में हुई प्राथमिकी

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: विधायक  अरूप चटर्जी के आवेदन पर निरसा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. यह प्राथमिकी सांसद ढुल्लू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ दर्ज की गई है. विधायक ने शनिवार को निरसा थाने में धमकी मामले में शिकायत की थी.

 विधायक ने धमकी से जुड़े व्हाट्सएप संदेशों का प्रिंट आउट ,कॉल डिटेल और ऑडियो रिकॉर्डिंग की पेन ड्राइव  पुलिस को दी थी. जानकारी के अनुसार यह मामला बी एन एस की धारा 308(3)(4),61(2),351(2),(3,) एवं 3(5,) के तहत दर्ज किया गया है. 

इन धाराओं में जबरन वसूली या अवैध उगाही के  इरादे से किसी को धमकी देना, जान से मारने या गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी देना आदि शामिल है . प्राथमिकी के अनुसार विधायक ने आरोप लगाया है कि 3 जुलाई की दोपहर उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल और संदेश आया. उनका आरोप है कि मैसेज भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए रंगदारी की मांग की और जान से मारने की धमकी दी. 

विधायक का आरोप है कि यह पूरी घटना सांसद ढुल्लू महतो के इशारे पर की गई है. इधर ,शनिवार को सांसद ढुल्लू महतो ने भी धनबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि प्रिंस खान ने उन्हें भी धमकी दी है. इसकी सूचना उन्होंने दिल्ली पुलिस और गृह  मंत्रालय को दी है. 

शनिवार को सांसद ढुल्लू महतो ने भी धनबाद के सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात मीडिया के सामने रखी. तो उसके कुछ ही देर बाद निरसा थाने में शिकायत देने के बाद विधायक अरूप चटर्जी ने भी सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पूरे घटनाक्रम का सिलसिलेवार ब्यौरा मीडिया को दिया था.

TagsCRIME