Jharkhand

धनबाद में चोरी-छिनतई गैंग का भंडाफोड़: पुलिस ने चार बदमाशों को दबोचा, मोबाइल-गहने समेत कई सामान बरामद

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले में चोरी और छिनतई की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए धनबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में बलियापुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से चोरी के आठ मोबाइल फोन, सोने जैसे पीले धातु के आभूषण, दो होंडा साइन मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 28 जून की रात बेलगढ़िया क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलगढ़िया फेज-2 स्थित तीन तल्ला पानी टंकी के पीछे झाड़ियों में कुछ युवक चोरी के सामान का आपस में बंटवारा कर रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल छापेमारी की गई. पुलिस टीम ने मौके से सुमित कुमार निषाद, शहबाज अंसारी उर्फ छोटू अंसारी, रोहित कुमार रजक और रवि बाउरी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से कई चोरी के मोबाइल, आभूषण और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं. इसके बाद पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए.

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न इलाकों में मोबाइल, चैन, लैपटॉप और पर्स की चोरी एवं छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक्साइड बैटरी, माइक्रोटेक इन्वर्टर, मंगलसूत्र और अन्य चोरी का सामान भी बरामद किया. इस मामले में बलियापुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी जिले में पहले हुई किन-किन चोरी और छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं. पुलिस का मानना है कि आगे की पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं.

रिपोर्ट : नीरज कुमार