Jharkhand

प्रिंस खान का कुनबा: दो भाई जेल में, दो भाई विदेश में, अब बंटी उगलेगा दफ़न राज़, बताएगा कैसे करता था फंड मैनेज

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): प्रिंस खान का एक भाई गॉडविन चाईबासा जेल में है, दूसरे भाई बंटी खान को धनबाद जेल भेजा गया है. दो भाई विदेश में हैं. कुर्की-जब्ती के बाद उसका घर खंडहर में बदल गया है. पुलिस ने बंटी खान को उस खंडहर घर में भी ले गई थी. बता दे कि सोमवार को धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया था. उसके बाद उसे धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम लेकर बैंक मोड़ पहुंची. बैंक मोड़ में बंटी खान से पूछताछ हुई. पूछताछ में उसने कई राज उगले, कई अपराधियों के बारे में पुलिस को बताया है. कुछ ऐसे लोगों के नाम भी बताए हैं, जो अभी तक पुलिस के रडार पर नहीं थे. अब पुलिस नए ढंग से छानबीन कर रही है . 

बंटी खान के खिलाफ वासेपुर के लोगों में दिखा गुस्सा 
 
उसके द्वारा दी गई सूचना की पुष्टि के लिए सोमवार को पुलिस उसे लेकर वासेपुर भी गई थी. बंटी खान के खिलाफ वासेपुर के लोगों में आक्रोश दिखा. आरोप है कि गैंगस्टर फहीम खान के बेटे और उनके परिवार के लोगों ने बंटी खान पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस चौकस थी, उसे बचाकर थाना लेकर गई. सोमवार को पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. बताया जाता है कि नन्हे हत्याकांड में बंटी खान उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार हुआ था. इसी साल जनवरी महीने में वह बेल पर बाहर आया था. इसके बाद से वह भूमिगत रहने लगा था. लेकिन धनबाद पुलिस उसके पीछे पड़ी हुई थी और अंततः सोमवार को उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी धनबाद पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी ज रही है. 

नन्हे हत्याकांड में मार्च 2022 में जेल गया था बंटी खान

बंटी खान के बारे में बताया जाता है कि नन्हे हत्याकांड में मार्च 2022 में वह जेल गया था. जनवरी 2026 में बेल पर निकला. पुलिस की पूछताछ में झरिया, गोविंदपुर और निरसा में सक्रिय संपर्कों की पुलिस को जानकारी दी है. प्रिंस खान का एक भाई गॉडविन पहले से ही जेल में है. अब बंटी खान भी जेल चला गया है. इस तरह दो भाई जेल में है और दो विदेश में. जानकारी के अनुसार जेल में बंद गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल के ड्राइवर पर हुई गोलीबारी के मामले में बैंक मोड़ थाने में दर्ज कांड संख्या 34 \ 26 में बंटी खान की गिरफ्तारी की गई है. बंटी खान को सोमवार को बैंक मोड़ थाने  में रखकर पुलिस अधिकारियों ने घंटो पूछताछ की. 

बंटी खान ने उगला कुछ दफ़न राज, रिमांड पर लेगी पुलिस 
 
पुलिस अधिकारियों ने उसके संपर्क, आपराधिक गतिविधियों और फरार रहने के दौरान ठिकानों के संबंध में जानकारी ली. पुलिस ने बंटी खान के पास मौजूद कागजात की जांच की तो फर्जी पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है. सूत्रों के अनुसार इन्हीं दस्तावेजों के सहारे वह कोलकाता से विदेश भागने की तैयारी में था. सैफी खान उर्फ़ मेजर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की यह बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है. सूत्रों के अनुसार बंटी खान फिलहाल गैंग का फंड मैनेजर बना हुआ था और वह कोलकाता में बैठकर रंगदारी से वसूले गए पैसे को इन्वेस्ट करने के काम में लगा हुआ था. सोमवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने बैंक मोड़ थाने में  बताया कि बंटी खान ने बहुत कुछ ऐसी बातें बताई है, जो अब तक मालूम नहीं थी. उसने कुछ अपराधियों के भी नाम बताए है. यह भी बताया है कि कहा बैठकर प्लानिंग की जाती थी और कैसे घटना को अंजाम दिलवाने के लिए योजना बनाई जाती थी.

मेजर के बाद बंटी खान की गिरफ्तारी, पुलिस की बड़ी उपलब्धि 

एसएसपी ने बताया कि कई "हाइड आउट" बंटी खान ने बताया है. जिसके लिए तत्काल कार्रवाई जरूरी है. इसके पहले सैफी की गिरफ्तारी से पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी. अब बंटी को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी. इसके पहले अप्रैल महीने में धनबाद पुलिस ने सैफ आवास नकवी उर्फ सैफी उर्फ मेजर को कोलकाता से गिरफ्तार किया था. सैफी प्रिंस खान गिरोह का एक मजबूत स्तंभ था. वह गिरोह का टेक्नोक्रेट था. उसने धनबाद के आरा मोड़ के नजदीक एक अंग्रेजी स्कूल से दूसरी से दसवीं तक की पढ़ाई की थी. अंग्रेजी अच्छी होने के कारण वह कहीं भी एडजस्ट कर जाता था. वह पढ़े-लिखे लड़कों को भी समय-समय पर गिरोह  से जोड़ने का काम करता था. पढ़े लिखे लड़कों को सब्जबाग  दिखाकर गिरोह के लिए फंड मैनेजमेंट का काम कराता था.