☰
Jharkhand

बहुचर्चित बारामुड़ी खटाल का मामला: सीओ कार्यालय पहुंचे लोगों ने जमा किये कागजात, आगे भी होगी सुनवाई 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  धनबाद के बहुचर्चित बारामुड़ी  खटाल के मामले में गुरुवार को धनबाद के अंचल कार्यालय में सुनवाई शुरू हुई .  यह अभी आगे भी चलेगी. लगभग 100 लोगों ने खटाल की जमीन पर आज अपनी दावेदारी पेश की.  जानकारी के अनुसार रहने वाले लोगों ने बिजली बिल, सहित अन्य सबूत अंचल कार्यालय में प्रस्तुत किये।  प्रशासन ने लगभग 160 लोगों को नोटिस जारी किया था.  सभी परिवारों से जमीन आवंटन से संबंधित कागजात, रहने का आधार  और उसे जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था. 

2 नवंबर को मिला था समय ,एक सौ ने जमा किये कागजात 

 इस मामले में पहले 2 नवंबर को खटाल में रहने वाले लोगों को बुलाया गया था.  उस दौरान लोगों ने अनुरोध किया था कि छठ महापर्व को देखते हुए उन्हें मौका दिया जाए.  इसके बाद 19 नवंबर  की तिथि  निर्धारित की गई थी.  आज गुरुवार को लगभग 100 खटलवासी अंचल कार्यालय पहुंचे.  लोगों ने अपने पास उपलब्ध जमीन और आवास से संबंधित कागजात प्रस्तुत किये. खटाल वासियो  का कहना है कि 2005 में तत्कालीन उपायुक्त ने उन्हें यहां बसाया था.  उसके बाद से लगातार यहां रह रहे हैं.  उनका दावा है कि इतने दिनों रहते हो गए, लेकिन उन्हें कभी परेशानी नहीं हुई.  लेकिन अब उन्हें हटाने की बात हो रही है.  

खटाल मामले में अभी आगे भी चलेगी सुनवाई 

यह जगह उनकी  रोजी-रोटी और आजीविका से जुड़ा हुआ है.  उनका कहना है कि हम लोग इस जगह को जंगल से  "सोना" बनाया और अब प्रशासन उन्हें हटाने की कार्रवाई कर रहा है.  इस मामले में आगे भी सुनवाई की जाएगी. खटाल हटाने का विरोध राजनीतिक दल के नेता भी कर रहे हैं.  धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो , बिहार (पूर्णिया) के सांसद पप्पू यादव खटाल में रहने वाले लोगो  के पक्ष में सभा कर चुके है.  पप्पू यादव ने तो कहा था कि वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस संबंध में बात करेंगें।  कुल मिलाकर प्रशासन की  आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई है.