Jharkhand

धनबाद से शुरू हुआ झगड़ा, गोमो स्टेशन पर यात्री परिवार की बेरहमी से पिटाई, जानिए फिर क्या हुआ

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): धनबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को झगड़ा शुरू हुआ और गोमो पहुंचते -पहुंचते विकराल रूप ले लिया. दुमका -रांची एक्सप्रेस के धनबाद पहुंचने पर सीट  को लेकर कुछ लोगों और यात्रियों के साथ बक झक  हुई, लेकिन जब ट्रेन गोमो स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची, तो लोगों ने समूह बनाकर एक  यात्री और उसके परिवार की पिटाई कर दी.  इस घटना में एक महिला सहित दो लोगों के सिर फट गए. 

आरपीएफ के पहुंचने के पहले फरार हो गए बदमाश 

 सूचना पर आरपीएफ पहुंची, लेकिन तब तक सभी फरार हो चुके थे.  रेल पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए रेल अस्पताल में भर्ती कराया, जब रेल अस्पताल में उन्हें उपचार नहीं मिला तो रेल पुलिस की देखरेख में 108 एंबुलेंस से उन्हें तोपचांची  के  सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.  भुक्तभोगी  यात्री ने रेल थाने में लिखित शिकायत की है.  रेल यात्री ने कहा है कि वह परिवार के साथ फुसरो जा रहे थे.  उन्हें चंद्रपुरा  में उतरना था. 

धनबाद स्टेशन पर शुरू हुआ था विवाद 
 
यात्री के अनुसार धनबाद स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही वह पानी के लिए प्लेटफार्म पर उतरे थे.  जब पानी लेकर वापस लौटे तो देखा , कुछ लोग परिवार के लोगों के साथ सीट  को लेकर झगड़ा कर रहे थे.  विरोध करने पर वह लोग उलझ गए.  इस बीच  ट्रेन के गोमो पहुंचते ही वह मारपीट करने लगे.  बताया गया है कि गोमो में मारपीट करने वाले अधिकांश लोग गोमो लोको शेड  के कर्मचारी है.  वह प्रतिदिन धनबाद से गोमो शेड  में ड्यूटी करने के लिए दुमका रांची एक्सप्रेस से आते है.