☰
Jharkhand

ढुल्लू महतो -जयराम महतो की लड़ाई अब हो चली है निजी ,पढ़िए -भड़के सांसद तो क्या -क्या कह दिए ?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): विधायक जयराम महतो के खिलाफ सांसद  ढुल्लू महतो का गुस्सा घटना के बजाय बढ़ता ही जा रहा है. जयराम महतो का नाम सुनते ही भड़क जा रहे हैं.  धनबाद हो, बोकारो हो, निरसा  हो, सब जगह सांसद  के निशाने पर विधायक जयराम महतो ही रह रहे हैं.  जयराम महतो का नाम सुनते ही सांसद भड़क उठते हैं.  कई तरह के आरोप मढ़   देते हैं. उन्हें  डरपोक ,गिरगिट, बिल्ली जैसे उपाधियों से नवाज देते है.  बुधवार को धनबाद में दिशा की बैठक से बाहर निकलते ही जैसे ही मीडिया ने जयराम महतो का नाम लिया, सांसद  का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया.  उन्होंने कहा कि उनकी  (जयराम महतो) की बात क्यों करते हैं? वह तो झारखंड की जनता को गुमराह कर रहा है. 

सांसद -विधायक की लड़ाई अब माफिया तक आई 
 
भोले- भाले गांव वालों को भरमा  रहा है.  वह लाल खंड की बात करता है.  सांसद ने सवाल उठाया कि  शहीद निर्मल महतो की हत्या उग्रवादियों ने की थी ,तो 
अब जयराम महतो उग्रवादियों के साथ हैं. या शहीद निर्मल  महतो  के परिवार के साथ, उन्हें  स्पष्ट करना चाहिए।  उन्होंने जयराम महतो पर साड़ी पहन कर भागने तक का आरोप लगा दिया।  मतलब यह लड़ाई पूरी तरह से निजी स्तर पर लड़ी जा रही है.  सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि जयराम महतो दबंग और माफियाओं से पैसा लेकर उनके दलाल बन गए हैं.   

माफियाओं का साथ देने का जयराम महतो पर लगाया आरोप 

पूरा माफिया ग्रुप एकजुट हो गया है और मेरे खिलाफ अभियान छेड़ दिया है.  इसी अभियान में जयराम महतो भी शामिल हो गए हैं.  सांसद ने चुनौती दी कि जयराम महतो ने जो भी आरोप लगाए हैं, उसमें एक भी साबित करते हैं तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगें।  हालांकि अपनी पीएचडी की डिग्री लेने कुछ दिन पहले आये  आए जयराम महतो ने उस दिन कहा था कि वह अभी डिग्री लेने आए है.  यूनिवर्सिटी परिसर में सांसद  पर  बोलना ठीक नहीं है.  अगर मीडिया को जानना है तो वह बाद में मिल सकते हैं.  मतलब साफ है कि जयराम महतो ने भी सांसद ढुल्लू महतो के खिलाफ तथ्य जुगाड़ कर लिए हैं.   समय की वह भी प्रतीक्षा कर रहे हैं.  कहा जा सकता है कि दोनों के बीच खिंची तलवारें  अब बहुत जल्द म्यान में जाती  नहीं दिख रही हैं.  देखना होगा, आगे आगे होता है क्या---?