☰
Jharkhand

महंगाई की मार : धनबाद में दूध अब हो जाएगा पहुंचे से बाहर,खटाल वालों ने क्या तय की नई दर?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): धनबाद में दूध अब साधारण लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है.  पहली  दिसंबर से दर में वृद्धि करने की घोषणा कर दी गई है.  एक  दिसंबर से दूध₹10 प्रति लीटर और पनीर ₹50 प्रति किलो महंगा हो जाएगा. खटाल संचालकों की बैठक में पशुओं का चारा महंगा होने की वजह से नई दर लागू करने का फैसला लिया गया है.  धनबाद के जामाडोबा  में खटाल संचालकों और यादव समाज की बैठक हुई.  इस बैठक में पशु चारा की कीमतों में लगातार हो रही बृद्धि  पर चिंता जताई गई.  इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से दूध और पनीर की नई कीमत लागू करने का निर्णय लिया गया.  बढ़ती लागत को देखते हुए दर बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. 

गाय,भैंस के दूध और पनीर के क्या तय हुई है दर 

1 दिसंबर से गाय का दूध₹70 प्रति लीटर, भैंस का दूध ₹80 प्रति लीटर और पनीर ₹400 प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाएगा। संचालकों के अनुसार वर्ष 2025 में चोकर का बोरा 1100 रुपये, बिचाली 150 रुपये प्रति मन, सरसों खल्ली 35 रुपये और गेहूं घाटा 26 रुपये प्रति किलो था। वहीं अब चोकर 1700 रुपये, बिचाली 300 रुपये प्रति मन, सरसों खल्ली 45 रुपये और गेहूं घाटा 35 रुपये प्रति किलो हो गया है.  वैसे भी धनबाद जिले में खटालों की संख्या लगातार घट रही है.  

धनबाद में लगातार घट रही खटालों की संख्या 

पहले लोग घर में भी दुधारू पशु रखते थे ,लेकिन अब जगह की कमी, फ्लैट कल्चर  की वजह से दुधारू पशु रखना तो लगभग लोग छोड़ चुके हैं.  खटाल वाले भी अब धीरे-धीरे इस धंधे से अलग हो रहे हैं.  पुराने जो लोग हैं, वह तो किसी तरह यह धंधा कर रहे हैं, लेकिन नया  जेनरेशन अब इस धंधे से बिल्कुल अलग होता दिख रहा है.  एक समय था ,जब धनबाद में खटालों की भरमार थी.  बिहार से आकर लोग  यहां खटाल खोलकर अपनी जीविका चलाते  थे.  चलाते  तो अभी भी हैं , लेकिन संख्या लगातार घट रही हैं.  इधर, महंगाई की मार इतनी तेज हो गई है कि अन्य कारोबार की तरह खटाल व्यवसाय भी संकट में आ गया है.