धनबाद(DHANBAD): झारखंड का कुख्यात अपराधी अखिलेश सिंह क्या ब्लेड लेकर पॉकेटमारी कर सकता है? यह आपको सुनने में अटपटा लग रहा होगा लेकिन डॉन अखिलेश सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय में दायर आवेदन में ऐसा ही कुछ कहा है. दरअसल, जमशेदपुर के साकची जेल के जेलर उमाशंकर पांडे की हत्या के आरोप में अखिलेश सिंह आजीवन कारावास की सजा काट रहा है. सूत्रों के अनुसार आजीवन कारावास की सजा रद्द कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में जो अपील दायर की गई है, उसमें एक दिलचस्प बात सामने आई है. अपील में घटना के दिन अपनी उपस्थिति दूसरी जगह पुलिस हिरासत में बताते हुए आवेदन दिया गया है.
12 मार्च 2002 को जेलर उमाशंकर पांडे की हत्या हुई थी,
अखिलेश सिंह की ओर से कहा गया है कि 12 मार्च 2002 को जेलर उमाशंकर पांडे की हत्या हुई थी, उस दिन वह चकिया थाना चंदौली जिला (यूपी) में दर्ज पॉकेटमारी के प्रयास के एक मामले में वह हिरासत में था. उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. 7 मार्च 2002 से लेकर 15 मार्च 2002 तक वह हिरासत में रहा. 15 मार्च को बेल बांड और जमानतदार की कार्रवाई पूरी होने पर उसकी रिहाई हुई. सवाल उठता है कि क्या अखिलेश सिंह पॉकेट मारी कर सकता है? हालांकि अभियोजन इस एलीबाई आवेदन को रद्द कराने के लिए अपना पक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी में है. उल्लेखनीय है कि जेलर हत्याकांड 12 मार्च 2002 जेल परिसर में हुआ था. 2 जनवरी 2006 को अखिलेश सिंह को निचली अदालत से आजीवन कारावास की सजा हुई थी.
जेलर ने बेड़ियाँ पहना दी थी ,इसलिए हुई थी हत्या
सूत्र बताते हैं कि अखिलेश सिंह ने कथित रूप से जेलर की हत्या इसलिए गुस्से में की थी, क्योंकि उन्होंने उसे कारोबारी काबरा अपहरण कांड में बंदी के समय बेड़ियाँ पहना दी थी. सूत्र बताते है कि लोअर कोर्ट के बाद हाई कोर्ट ने भी अखिलेश सिंह को अंतिम सांस तक कारावास की सजा पर मोहर लगाया है. अखिलेश सिंह ने उच्च न्यायालय के सजा संबंधी इसी आदेश के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपील दायर की है. जिसमें पॉकेटमारी के आरोप में पकड़े जाने का दस्तावेज प्रस्तुत किया गया है. फिलहाल वह जेल में बंद है. पढ़े-लिखे परिवार में जन्मे अखिलेश सिंह के पिता चंद्रगुप्त सिंह पुलिस में रह चुके है.
कुख्यात अखिलेश सिंह की अभी भी बोलती है तूती
वह झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे. फिलहाल वह रिटायर्ड हैं, जमशेदपुर में अभी भी अखिलेश सिंह की तूती बोलती है. व्यवसाईयों में अखिलेश सिंह का खौफ दिखता है. दरअसल, शुरुआती दौर में अखिलेश सिंह ट्रांसपोर्ट के धंधे से जुड़ा था. तभी जमशेदपुर के ट्रांसपोर्टर अशोक शर्मा की हत्या हो जाती है और इसका आरोप अखिलेश सिंह पर लगा. साथ ही व्यवसायी ओमप्रकाश काबरा के किडनैपिंग का भी आरोप अखिलेश सिंह पर लगा. कुछ दिनों बाद अखिलेश सिंह को इन दोनों मामलों में जमानत मिल गई थी. उसके बाद अखिलेश सिंह का दबदबा इलाके में बढ़ता चला गया. उसके बाद अखिलेश सिंह कारोबारी नहीं बल्कि गैंगस्टर के रूप में जाने जाने लगा.
