☰
Jharkhand

बोकारो में विस्थापितों का आंदोलन तीखा हुआ, तबीयत बिगड़ने के बाद भी विधायक श्वेता सिंह हटने को तैयार नहीं 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

Bokaro:  बोकारो में विस्थापितों का आंदोलन इस बार तीखा है.  विस्थापित आर -पार की लड़ाई के मूड में हैं.  बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह अनशन कर रही है. तबीयत बिगड़ने के बाद भी वह आंदोलन स्थल पर डटी हुई है.  नियोजन की मांग को लेकर विस्थापितों का आंदोलन दसवें दिन भी जारी है.  आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं.  विस्थापनों ने बी एसएल प्रबंधन से नियोजन सहित लंबी लंबित मामलों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. रविवार को आंदोलन स्थल पर विस्थापित अप्रेंटिस संघ के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह का ब्लड प्रेशर और शुगर काफी कम हो गया.  इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई.  जांच में उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल काफी कम पाया गया.  

डॉक्टरों की टीम लगातार कर रही विधायक की निगरानी 

डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.  टेंट  में ही उन्हें पानी चढ़ाया गया.  इधर, चास  के अनुमंडल पदाधिकारी ने बीएसएल के मुख्य द्वार के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है.  बता दें कि  नौकरी की मांग को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ के बैनर तले 10 अक्टूबर से आंदोलन  जारी है.  15 अक्टूबर को  आंदोलनकारियो  ने प्लांट के गेट नंबर 9 और 10 को बंद कर दिया था.  इसके बाद 16 अक्टूबर को मुख्य गेट को छोड़कर बाकी सभी गेट बंद कर दिए गए थे.  इसके बाद 17 अक्टूबर को बीएसएल प्रबंधन ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, प्रबंधन का कहना था कि अब उसके पास कोई विकल्प नहीं बचा है.  बोकारो स्टील प्लांट ने अपने रिट याचिका में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, बोकारो के डीसी , चास  के एसडीओ, बोकारो विधायक श्वेता सिंह और विस्थापित अप्रेंटिस संघ को प्रतिवादी बनाया है.  18 अक्टूबर को बोकारो के डीसी ऑनलाइन कोर्ट में उपस्थित हुए.  बोकारो स्टील प्लांट  की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा  ने पक्ष रखा. कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लिया। अदालत ने बोकारो के डीसी ,एसपी को लॉ आर्डर बनाये रखने का निर्देश दिया था.  मामले में संचार प्रमुख न ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद प्लांट के सभी गेट खुल गए है.  

वित्त मंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी पहुंचे थे धरना स्थल पर 

 विधायक श्वेता सिंह अभी भी धरना स्थल पर डटी  हुई है.  हालांकि उनकी तबीयत बिगड़ गई है.  बता दें कि इसके पहले विस्थापितों के आंदोलन में गोली चली थी और एक विस्थापित की मौत भी हो गई थी.  इस घटना से काफी उबाल आया था.  इस मामले में विधायक जयराम महतो पर भी मुकदमा हुआ था.  विधायक श्वेता सिंह और जयराम महतो में ठन गई थी.  उल्लेखनीय है कि शनिवार को विस्थापितों ने बोकारो स्टील प्लांट के सभी गेट को जाम कर दिया था.  आंदोलन के समर्थन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर धरना स्थल पर पहुंचे थे.  उन्होंने विस्थापितों से बात की, जिसके बाद बोकारो सर्किट हाउस में विस्थापितों, बीएसएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के साथ वार्ता हुई.  हालांकि नियोजन के मुद्दे पर बीएसएल प्रबंधन के इंकार  के बाद वार्ता विफल हो गई थी.