☰
Jharkhand

आधी रात के बाद प्रशासनिक अमला पहुंचा धनबाद जेल,चप्पे चप्पे को खंगाला गया,पढ़िए औचक रेड में क्या मिला?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: अपराधियों के खिलाफ धनबाद पुलिस कोई नरमी बरतने के मूड में नहीं है. ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है. इधर, पता चला है कि सोमवार को आधी रात के बाद धनबाद मंडल कारा में छापेमारी की गई है. इस छापेमारी की सूचना काफी गोपनीय रखी गई थी. 

जानकारी के अनुसार सोमवार को आधी रात के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक धनबाद जेल में छापेमारी की. उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद जेल की गहन तलाशी ली गई. करीब 2 घंटे तक यह अभियान चला. चप्पे चप्पे की जांच की गई.अभियान के लिए पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल को बुलाया गया था. 

100 से अधिक जवानों को छापेमारी में लगाया गया था. जेल के भीतर पांच पुरुष वार्डों की तलाशी अलग-अलग डीएसपी के नेतृत्व में हुई ,जबकि महिला वार्ड की जांच महिला पुलिस अधिकारियों ने की. तलाशी के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग सेल में बंद कैदियों से भी पूछताछ की. जेल में तैनात सुरक्षा गार्ड और जेल अधीक्षक से भी जानकारी ली गई. 

टीम ने जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और निर्धारित नियमों के अनुपालन की पड़ताल की. इधर, पता चला है की जेल में कागज  के टुकड़ों में फोन नंबर लिखे बरामद किए गए हैं. पेन भी बरामद हुआ है. इसके अलावा बहुत बड़ी कोई आपत्तिजनक सामान बरामद होने की सूचना नहीं है. 

सूत्रों के अनुसार जेल के मेडिकल वार्ड की भी जांच पड़ताल की गई. मेडिकल वार्ड में करीब 40 कैदी भर्ती मिले. इस बात का पता लगाया जाएगा कि मेडिकल वार्ड में जो कैदी भर्ती हैं, उनको क्या सही में वार्ड में भर्ती रखने की जरूरत है अथवा इसका कोई गलत लाभ तो नहीं उठा रहा है? सीसीटीवी फुटेज की भी अधिकारियों ने जांच की. छापेमारी में जिले के सभी डीएसपी और लगभग थानेदार शामिल थे. धनबाद जेल में फिलहाल कई कुख्यात अपराधी बंद हैं.