Jharkhand

छात्र आंदोलन: बाबूलाल का हेमंत सरकार पर निशाना, राहुल गांधी से पूछा- आपकी आवाज झारखंड में क्यों खामोश हैं?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

टीएनपी डेस्क: झारखंड में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तेज हमला बोला है.  राहुल गांधी से पूछा है कि छात्रों के अधिकार की आपकी आवाज झारखंड आते-आते क्यों खामोश हो जाती है? मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चुनौती दी है कि यदि आपकी पुलिस को हिम्मत है, तो मुझ पर केस  कीजिये. बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को एक ट्वीट किया है.  इस ट्वीट से झारखंड का राजनीतिक माहौल गरमा गया है.  भाजपा जहां झामुमो   पर आरोप  लगा  रही है, वहीं झामुमो  का कहना है कि भाजपा छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर चलाना  चाहती है.  यह बात तो सच है कि सीआईडी इस मामले में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.  लोगों की गिरफ्तारियां हो रही है.  नए-नए खुलासे  हो रहे हैं, बावजूद कई सवाल खड़े किए जा रहे है. 

बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि  मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM की आलोचना में ट्वीट करने पर झारखंड पुलिस छात्रों को नोटिस भेज रही है... ऐसे नोटिस को कूड़ेदान में फेंक देने लायक समझता हूं। मुख्यमंत्री को चुनौती देता हूं कि मेरी टाइमलाइन के ट्वीट निकालिए, जहां आपके चाल, चरित्र, भ्रष्टाचार, धूर्तता और लूट-खसोट का विस्तारपूर्वक वर्णन किया गया है। अगर आपमें या आपकी पुलिस में हिम्मत है तो मुझ पर केस करिये। 

और @RahulGandhi जी, आप दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पुणे ही जाएंगे या झारखंड भी आएंगे? झारखंड में कांग्रेस-झामुमो सरकार द्वारा छात्रों पर हो रही दमनात्मक कार्रवाई और पैदा किए जा रहे आपातकाल जैसे हालात पर आपकी जुबान पर ताले क्यों लटके हैं? छात्रों के अधिकारों के लिए आपकी आवाज झारखंड आते-आते क्यों खामोश हो जाती है? इसका जवाब आपको देना ही होगा।

याद रखिए, अगर झारखंड के छात्रों को डराने-धमकाने और जेल भेजने का दुस्साहस करेंगे, तो भाजपा कार्यकर्ता इतनी बड़ी संख्या में जेल भरेंगे कि जेलों में जगह कम पड़ जाएगी। छात्रों को डरा-धमकाकर उनकी आवाज नहीं दबा सकते।भाजपा झारखंड में अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी और JPSC-JSSC की नौकरी बेचने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाने की लड़ाई जारी रखेगी।