Jharkhand

धनबाद में आम महोत्सव: 3 लाख रुपये किलो का आम देखने को लगी भीड़,दुकानदार ने कहा छूना मना है

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):क्या आप जानते है कि फलों का राजा आम भी तीन लाख रुपये किलो बिकता है. आज यही आम धनबाद में तहलका मचा कर रख दिया.  धनबाद के आम महोत्सव में ₹3,00,000 प्रति किलो आम आकर्षण का केंद्र रहा.  इस आम के खरीदार तो नहीं मिले, लेकिन आम देखने और उसे छूने  वालों में काफी उत्सुकता रही.  एक आम की कीमत 12000 से ₹15000 आंकी गई.  इस आम का नाम मियांजाकी बताया गया है.  दरअसल, धनबाद के बैंक मोड़ स्थित निगम के मॉल में आम महोत्सव का आयोजन किया गया है.  

दु कानदार ने बोर्ड टांग रखा है -छूना बिलकुल मना है 

आम के कई स्टाल लगे हैं, लेकिन इन्हीं में से एक स्टॉल पर बोर्ड टंगा है, इसे छूना मना है.  इस बोर्ड को देख लोग स्टॉल पर जरूर जाते और पूछते कि क्यों छूना मना है? दुकानदार उसे छूने से भी रोक देता.  इस आम की तस्वीर आज खूब उतारी  गई. जापान का यह आम धनबाद के लिए खास बन गया.  बताया जाता है कि मां धरती फाउंडेशन की ओर से इसकी खेती धनबाद में की जा रही है.  फाउंडेशन की ओर से इसे पहली बार धनबाद के बाजार में उतारा गया है. धनबाद में ग्रामीण विकास शाखा और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड सोसाइटी की ओर से पहली बार आयोजित किए गए आमोत्सव में जिले के ग्रामीण इलाकों से आए किसानों ने अपने आमों को यहां प्रदर्शित किया और उसकी बिक्री भी की. 

जापान के इस मियाजाकी आम की क्या है खासियत 

मियाजाकी आम (Miyazaki Mango) मूल रूप से जापान के मियाजाकी प्रांत में उगाया जाने वाला एक बेहद दुर्लभ और दुनिया के सबसे महंगे आमों में से एक है. इसे जापानी भाषा में 'ताइयो नो तमागो' (Taiyo no Tamago) यानी 'सूरज का अंडा' (Egg of the Sun) भी कहा जाता है. इस जापानी आम की खासियत है कि रंग और रूप में  पकने के बाद यह आम सामान्य पीले-हरे रंग की जगह गहरे रूबी-लाल (Ruby Red) या बैंगनी रंग का हो जाता है. यह बहुत चमकदार और दिखने में बेहद आकर्षक होता है.  यह आम बहुत ज्यादा मीठा (इसमें चीनी की मात्रा करीब 15% होती है), मलाईदार (Creamy), और रसदार होता है. प्रत्येक आम का वजन औसतन 350 ग्राम से 500 ग्राम या उससे अधिक होता है.