Jharkhand

सुधर जाएं, वरना अगला ठिकाना जेल... धनबाद में अपराधियों की परेड में SSP ने दिया अल्टीमेट

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): झारखंड में अपराध पर नकेल कसने के लिए धनबाद पुलिस ने एक नई और सख्त पहल की है. पहली बार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित दागी अपराधियों की सामूहिक परेड कराकर उन्हें कानून का सख्त संदेश दिया गया. गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान सैकड़ों अपराधियों की हाजिरी ली गई और उनके वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया.

पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों की पहचान की पुष्टि करने के साथ-साथ उनके रहन-सहन, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों की भी समीक्षा की. इस दौरान यह भी जांच की गई कि वे वर्तमान में किस प्रकार का कार्य कर रहे हैं और कहीं दोबारा आपराधिक गतिविधियों में तो शामिल नहीं हैं.

इस मौके पर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यह उनके लिए सुधार का अंतिम अवसर है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति दोबारा अपराध में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी दागी अपराधियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने, परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने और भविष्य में किसी भी गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई.

पुलिस ने गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड वाले अपराधियों को विशेष निगरानी सूची में शामिल कर लिया है. संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए. पुलिस ने साफ किया है कि रंगदारी, हत्या, लूट, मारपीट, अवैध वसूली, भूमि कब्जा, अवैध कारोबार और हथियारों के प्रदर्शन जैसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ अब और अधिक सख्ती बरती जाएगी.

धनबाद पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मकसद केवल हाजिरी लेना नहीं, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना और संभावित अपराधों को पहले ही रोकना है. झारखंड में अपनी तरह की इस पहली पहल के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अपराध की राह छोड़ने वालों को मौका मिलेगा, लेकिन दोबारा कानून तोड़ने वालों के लिए सीधे जेल का रास्ता तय होगा. पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके.

रिपोर्ट : नीरज कुमार