धनबाद(DHANBAD): वैसे तो कोयलांचल में मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री बड़ी समस्या है. त्योहारों के समय यह और अधिक बढ़ जाता है. जब भी खाद्य सुरक्षा विभाग सड़क पर उतरता है, बड़े मामले पकड़ में आते हैं. क्विंटल के हिसाब से नकली और मिलावटी सामान पकड़े जाते रहे है. डेयरी प्रोडक्ट खासकर पनीर में यह समस्या बहुत अधिक देखी जा रही है. कुछ महीने पहले बिहार से आ रही बसों से 1000 किलो से अधिक पनीर की खेप पकड़ी गई थी. बिहार से बसों से मिलावटी पनीर केवल धनबाद ही नहीं, बल्कि झारखंड की राजधानी सहित अन्य जिलों में भी पहुंचता है.
एक्सपायर्ड लाइसेंस पर चलाई जा रही दुकानें
सूत्र बताते हैं कि पनीर का वजन बढ़ाने और उसे गाढ़ा दिखाने के लिए बड़े पैमाने पर डिटर्जेंट, घटिया तेल और स्टार्च मिलाया जाता है. पेड़ा, लड्डू में सिंथेटिक रंग, चौक पाउडर और मिलावटी सामानों का इस्तेमाल होता है. जब-जब छापेमारी होती है, बड़ी मात्रा में सामान बरामद होते है. बताया गया है कि शुक्रवार को स्टीलगेट स्थित गौतम डेयरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के पहुंचते ही संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया. जांच में प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस भी एक्सपायर्ड मिला। टीम ने दुकान से 48 किलो संदिग्ध पनीर, दो किलो घी और खोवा जब्त किया. भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के फरार होने के बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया.
शुक्रवार को एक बार फिर हुई है भारी मात्रा में जब्ती
पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से 10 किग्रा संदिग्ध पनीर जब्त किया गया.इसके अलावा टीम ने अन्य प्रतिष्ठानों से भी नमूना संग्रहण किया। इसमें सरायढेला स्थित रूफ़ 709, निर्मल स्वीट्स, रमेश डेयरी तथा बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी से भी पनीर, घी एवं खोवा मिठाई के नमूने एकत्र किए गए। मौके पर की गई जांच में विफल पाए गए. खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया. मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई. त्योहारी मौसम को देखते हुए डीसी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले में यह अभियान शुरू किया गया है. सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा के दिशा निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक जांच की। टीम ने विभिन्न दुकानों से पनीर, घी और खोवा के नमूने लिए. इन्हें रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है.
प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही जब्त किया गया है.
