☰
Jharkhand

बाघमारा में दिल दहला देनेवाली घटना: पेलोडर से कुचलकर मजदूर की मौत, फिर शव को कोयले के साथ साइडिंग में फेंका

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD) | धनबाद में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है.  सूत्रों पर अगर भरोसा करें तो पेलोडर की चपेट में आने के बाद मृत व्यक्ति को डंपर में लादकर  बाघमारा के बेनीडीह साइडिंग में फेंक दिया गया.  मृतक की पहचान कर ली गई है.  उसका नाम सुनील रवानी बताया गया है.  नदखुरगी   फीडर ब्रेकर के पास एक पे लोडर  की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी.  आरोप लगाया जा रहा है कि  घटना के बाद शव  को कोयले के साथ डंपर में लोडकर  साइडिंग पहुंचा दिया गया.  लेकिन रैक  लोडिंग के दौरान मामले का खुलासा हुआ.  उसके बाद हंगामा मच गया.  

नदखुरगी  फीडर  ब्रेकर के पास कुचला गया 

जानकारी के अनुसार सुनील शुक्रवार की सुबह अपने एक साथी के साथ नदखुरगी  फीडर  ब्रेकर के पास गया था.  इसी दौरान वहां काम कर रहे एक पेलोडर की चपेट में आकर वह दब गया.  आरोप लगाया जा रहा है कि पे लोडर  ऑपरेटर ने घटना की जानकारी देने के बजाय कोयले के साथ शव  को भी डंपर में लोड कर दिया।  साइडिंग में डंप  किए गए कोयले को मालगाड़ी के रैक  में लोड करने की तैयारी चल रही थी.  इसी बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.  कोयले के ढेर  में शव  को देखकर परिजनों में चीख  पुकार मच गई.  विरोध के कारण रैक  लोडिंग का काम तत्काल रोकना पड़ गया है.  घटना की सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ और बाघमारा थाना की पुलिस पहुंची। 

मृतक के परिजनों ने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी पर क्या लगाया है आरोप ?

 मृतक के परिजनों ने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के प्रबंधन और कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए है.  उनका कहना है कि पेलोडर से जानबूझकर धक्का मार कर हत्या की गई है और साक्ष्य  छुपाने के लिए शव  को कोयले के साथ डंप  कर दिया गया.  हालांकि मौत की असली कारणों  की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।  पुलिस भी अभी कुछ नहीं कह  रही है.  जानकारी के अनुसार सुनील अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गया है.  परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक जिम्मेवारी मुख्य रूप से इसी  थी.  लोगों ने बताया कि उसके बेटे को हाल में ही सिर में चोट भी लगी है.  आक्रोशित लोग  जिम्मेवार कर्मियों और प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की भी बात कह रहे हैं.  जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन आरोप  अगर सही है तो यह जघन्य कृत्या  है और ऐसा करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।