धनबाद(DHANBAD): बलियापुर पेट्रोल पंप लूट कांड में एक रोचक और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है. लूट की पूरी पृष्ठभूमि पंप के मैनेजर ने ही तैयार की थी और खिलौने वाली पिस्तौल सटाकर घटना को अंजाम दिया गया था. बलियापुर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है. नकली पिस्तौल सटाने वाले को भी पुलिस गिरफ्तार कर लिया है. तो मैनेजर को भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. बलियापुर थाना क्षेत्र के हीरक मोड़ स्थित बिरसा पेट्रोल पंप पर बुधवार की आधी रात नकली हथियार के बल पर लूटकांड को अंजाम दिया गया था.
तेल भराने के बहाने पंप में घुसकर घटना को दिया गया था अंजाम
लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पेट्रोल पंप से करीब 80 हजार रुपये नकद लूटे गए थे. मामले में पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की रकम समेत वारदात में इस्तेमाल नकली हथियार बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, अपराधी तेल भराने के बहाने पंप में घुसा और नकली हथियार का भय दिखाकर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को धमकाते हुए कैश लेकर फरार हो गया. घटना के बाद बलियापुर थाना में कांड संख्या 161/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई.
लूटी गई रकम और खिलौने वाला पिस्टल भी बरामद
पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंदपुर के निवासी शेख अमन और बिहार के रोहतास निवासी विपुल सिंह के रूप में हुई है.पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर करीब 80 हजार रुपये नकद, इंडियन ऑयल का कैश बैग, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और लोहे-प्लास्टिक से बनी नकली बंदूक बरामद किये गए हैं. जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी शेख अमन का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में बलियापुर थाना में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
