धनबाद (DHANBAD): धनबाद के गोविंदपुर में बुधवार को मुर्गाबनी स्थित खुदिया नदी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला. नदी में शव मिलने की खबर आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया.
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कराने की कोशिश की. कुछ ही देर बाद मृतक की पहचान मुर्गाबनी निवासी अनेश कुमार हाड़ी के रूप में हुई. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नदी में गिरने या डूबने के कारण उनकी मौत हुई होगी. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
बताया जा रहा है कि अनेश कुमार हाड़ी सोमवार की सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. बुधवार को नदी में शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की.
स्थानीय लोगों के अनुसार, अनेश अक्सर मछली पकड़ने के लिए नदी और आसपास के जलाशयों में जाते थे. सोमवार को भी वह मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था.
