Jharkhand

धनबाद शहर में सनसनी : बेकारबांध तालाब में तैरता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद शहर में मंगलवार को उस समय सनसनी फ़ैल गई, जब शहर के बीचो-बीच स्थित तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरते हुए देखा गया. इसके बाद तो सनसनी फैल गई, पुलिस पहुंची फिर शव की पहचान हुई. धनबाद थाना क्षेत्र के बेकार बांध स्थित राजेंद्र सरोवर पार्क में मंगलवार को पानी में 47 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता मिला. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान पॉलिटेक्निक रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप रहने वाले राकेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. 

बताया जा रहा है कि राकेश सोमवार शाम से ही घर से लापता थे. मंगलवार को राजेंद्र सरोवर पार्क के मैनेजर की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी, उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पार्षद अशोक पाल और धनबाद थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम और पार्षद मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से शव की पहचान राकेश कुमार सिंह के रूप में की गई. इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. 

स्थानीय पार्षद अशोक पाल ने बताया कि राकेश कुमार सिंह सोमवार शाम से घर नहीं लौटे थे. मंगलवार को बेकार बांध में शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि राकेश मानसिक रूप से परेशान रहते थे. इससे पहले भी एक बार वह इसी तरह पानी में चले गए थे, लेकिन उस समय स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया था. वहीं, धनबाद थाना के एएसआई रंजन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को बेकार बांध में शव मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई गई और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.