TNP डेस्क: धनबाद के राजगंज के एक फैक्ट्री के मालिक से रंगदारी मांगने के मामले में बुधवार को सांसद ढुल्लू महतो सहित अन्य के खिलाफ आरोप तय नहीं हो सका.
कोर्ट को बचाव पक्ष की ओर से बताया गया कि उन्होंने ट्रायल कोर्ट के आदेश को सेशन कोर्ट में चुनौती दी है. इसलिए समय दिया जाए. अदालत ने समय देते हुए सुनवाई की अगली तारीख निर्धारित कर दी है.
बता दें कि यह मामला राजगंज के फैक्ट्री मालिक से रंगदारी मांगने से जुड़ा हुआ है. इस मामले में राजगंज पुलिस ने सांसद ढुल्लू महतो, संटू महतो, आनंद शर्मा, सुखदेव महतो, केदार यादव,कमल कुमार पांडे एवं रामेश्वर महतो के खिलाफ कांड दर्ज किया था.पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्ज शीट दायर किया है.
उल्लेखनीय है कि सांसद ढुल्लू महतो सहित एवं अन्य पर राजगंज के एक हार्ड कोक फैक्ट्री के संचालक से 10 लाख रुपए रंगदारी मांगने,नहीं मिलने पर फैक्ट्री में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया था. इसी आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था .
आरोप में कहा गया था कि रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर फैक्ट्री की चाहर दीवारी तोड़ दी गई थी. राजगंज थाना में यह मामला दर्ज हुआ था. यह मामला 2022 का बताया जाता है. इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद राजगंज पुलिस ने कांड संख्या 15 / 22 दर्ज किया था. पुलिस ने अनुसंधान पूरा करने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्ज शीट दाखिल किया था. अब अदालत में आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी होनी है.
रिपोर्ट:प्रकाश महतो
