Jharkhand

धनबाद: जाहेर थान को अशुद्ध करने का विरोध करने पर युवक से मारपीट, ग्रामीणों के आक्रोश से ठप रहा 8 लेन सड़क

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के सुसनीलेवा रोड पर  स्थित धार्मिक स्थल में मारपीट की घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने 8 लेन के सर्विस लेन को गुरुवार को जाम कर दिया. सड़क पर प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा. ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. 

ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती का एक युवक आदिवासियों के धार्मिक स्थल जाहेर थान के पास मौजूद था. इसी दौरान एक ट्रक में सवार चार-पांच लोग वहां पहुंचे. आरोप है कि ट्रक सवार लोग जाहेर थान अशुद्ध कर रहे थे. बस्ती के युवक ने इसका विरोध किया, इसी बात को लेकर विवाद हो गया और ट्रक सवार लोगों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी. 

मारपीट की सूचना मिलने के बाद बस्ती के अन्य लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों को आता देख ट्रक में सवार सभी लोग वाहन को सड़क पर ही छोड़कर मौके से भाग निकले. ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपियों ने युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले जाने का भी प्रयास किया था. घटना से नाराज ग्रामीणों ने इसके बाद 8 लेन के सर्विस लेन को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. वे मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगो को समझाने-बुझाने का प्रयास किया.