धनबाद(DHANBAD): धनबाद के बहुचर्चित दुहाटांड़ रिंग रोड मुआवजा घोटाले के तार झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में फैला हुआ है. झारखंड से गिरफ्तारियां हुई, बिहार से गिरफ्तारी हुई और अब जाकर उत्तर प्रदेश से इस पूरे घोटाले के "किंगपिन" को एसीबी ने गिरफ्तार किया है. सूचना के मुताबिक एसीबी की टीम को उत्तर प्रदेश में बड़ी सफलता मिली है. टीम ने वाराणसी से जय निवास पांडे उर्फ शास्त्री को गिरफ्तार कर लिया है. लंका थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे पकड़ा गया है. दुहाटांड़ रिंग रोड मुआवजा घोटाला झारखंड के चर्चित जमीन मुआवजा घोटाले में शामिल है. आरोप के मुताबिक रैयतों की जमीन के अधिग्रहण के बदले वास्तविक जमीन मालिकों को भुगतान करने के बजाय दूसरे लोगों के नाम पर सरकारी राशि निर्गत कर दी गई.
शुरू के दिनों में धनसार थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर
करोड़ों रुपए के बंदरबांट की आशंका है. प्रारंभिक दौर में इस मामले में धनसार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. उसके बाद जांच एसीबी को मिली । एसीबी एक्शन शुरू किया। एसीबी सूत्रों का कहना है की जय निवास पांडे इस घोटाले का किंगपिन है. 9 जनवरी 2026 को एसीबी ने धनबाद ,रांची, बोकारो और देवघर में एक साथ छापेमारी की थी. दरअसल, इस घोटाले से प्रभावित कई लोग पागल की स्थिति में आ गए हैं. उन्हें बरगलाया जाता रहा और उनकी जमीन की राशि खुद के बैंक खातों में ट्रांसफर करा ली गई थी.
समाजसेवी रमेश राही ने इस गड़बड़ी को उजागर किया था
दरअसल, समाजसेवी रमेश राही ने इस गड़बड़ी को उजागर किया था. उनकी शिकायत पर तत्कालीन उपायुक्त ने 2014 में जांच कमेटी गठित की थी. जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज हुई. 2015 में तत्कालीन डीएलओ उदयकांत पाठक समेत 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी. 2016 में मामला एसीबी को सौंपा गया. लगभग 10 वर्ष की जांच के बाद एसीबी ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब मांग की जा रही है कि आरोपियों की संपत्ति को जब्त कर वास्तविक रैयतों को मुआवजा का भुगतान दिया जाये। सूत्र बताते हैं कि 2011 में रिंग रोड निर्माण के लिए मनईटांड़ , दुहाटांड़ ,धनबाद और ढोकरा मौजा की करीब 20 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई थी.
वर्ष 13 -14 में करोड़ों रुपए का मुआवजा बांटा गया था
वर्ष 13 -14 में करोड़ों रुपए का मुआवजा बांटा गया. आरोप है कि एक दर्जन से अधिक फर्जी डीड के आधार पर जमीन का मालिक बनकर लोगों ने मुआवजा की राशि हासिल कर ली. इस मामले में अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. एसीबी ने जब जांच शुरू की तो मामले की परत उठने लगी. बिहार से गिरफ्तार कर एसीबी ने एक पुजारी को धनबाद लाई थी. उसके बारे में पता चला है कि वह कुछ जानता भी नहीं और उसके नाम का अकाउंट खोलकर धनबाद में 6 करोड़ से अधिक की राशि निकाल ली गई है. फिलहाल वह पुजारी जेल में है. कई जमीन के वास्तविक मालिक ऐसे भी हैं, जो राशि पाने के लिए दौड़ते -दौड़ते पागल की स्थिति में आ गए है. सूत्र बताते हैं कि धनबाद में मुआवजा घोटाले के मामले में कुल छह एफआईआर दर्ज हैं और कथित रूप से कई करोड़ रुपए की राशि की बंदरबांट की गई है.
