धनबाद: लगातार बढ़ते दबाव के बाद निशा भगत मौत मामले में राज्य सरकार सीबीआई जांच के लिए केंद्र को अब प्रस्ताव भेजेगी. इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अधिकारियों को निर्देश दिया है.मंगलवार की रात सीएम ने इसकी जानकारी दी है.
दरअसल, राज्य के न्यायिक दायरे में आने वाले मामलों की सीधे तौर पर सीबीआई जांच नहीं कर सकती .राज्य सरकार के प्रस्ताव के बाद सीबीआई केस दर्ज करने पर विचार कर सकती है. अब निशा भगत मौत मामले को जब तक सीबीआई टेकओवर नहीं करती, केस का इन्वेस्टिगेशन रांची पुलिस की एसआईटी ही करेगी. सीबीआई के केस को हाथ में लेने के बाद जांच का पूरा तथ्य रांची पुलिस सीबीआई को हैंड ओवर कर देगी.
निशा भगत के पिता की लिखित शिकायत पर प्राथमि की दर्ज की गई है. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि निशा को लंबे समय से मानसिक, सामाजिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी. सोशल मीडिया पर उनका चरित्र हनन किया जा रहा था.
6 नवंबर को निशा भगत सोशल मीडिया पर लाइव होकर खुदकुशी कर ली थी. खुदकुशी के पहले निशा भगत ने पुलिस प्रशासन और कुछ जमीन दलालों पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. निशा की मौत के बाद कई आदिवासी संगठन और राजनीतिक दल मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे. इसके लिए कई संगठनों ने आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार कर ली थी. और उसे शुरू भी कर दिया गया था.
बता दें कि इस मामले में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडे को निलंबित कर दिया गया है. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी इस मामले में मंगलवार को संज्ञान लिया और झारखंड सरकार से 7 दिनों के भीतर जानकारी मांगी है.
