Jharkhand

धनबाद डीसी के फर्जी हस्ताक्षर मामले में डॉक्टर के खिलाफ FIR की तैयारी, जांच तेज

Varsha Varma CE
Copy Editor
धनबाद डीसी के फर्जी हस्ताक्षर मामले में डॉक्टर के खिलाफ FIR की तैयारी, जांच तेज

धनबाद(DHANBAD): जिले में फर्जी दस्तावेजों और उपायुक्त के हस्ताक्षर के दुरुपयोग का मामला सामने आया है. अल्ट्रासोनोग्राफी क्लिनिक की ओर से पीसी एंड पीएनडीटी (PCPNDT) अधिनियम के तहत फॉर्म-बी जमा करने से जुड़ा हुआ है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है. इस पूरे मामले में किडनी केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को आरोपी बनाया गया है.

धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. मिहिर कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया था. आदेश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया और तीन सदस्यीय मेडिकल टीम को धनबाद थाना भेजकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई.

सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि उपायुक्त के निर्देशों के अनुपालन में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर आगे की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.

इधर, धनबाद थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेज किस स्तर पर तैयार और उपयोग किए गए.

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग के आरोपों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच और आने वाले दिनों में होने वाली कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है.

रिपोर्ट- नीरज कुमार