Jharkhand

धनबाद में भिड़े BJP और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता, आखिर किस बात पर आमने-सामने आए दोनों गुट, जानिए

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में सोमवार को युवा कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए. हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मंच की शुद्धिकरण के विवाद ने आज धनबाद में आक्रामक रूप अख्तियार कर लिया. यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पुतला दहन करने भाजपा कार्यालय पहुंच गए. वहां भाजपा के कार्यकर्ता भी मौजूद थे. भाजपा की किसी महिला कार्यकर्ता ने यूथ कांग्रेस से पुतला छीन लिया और पुतला दहन नहीं करने दिया. पुलिस की वहां पहले से मौजूदगी थी. इस वजह से पुलिस ने हस्तक्षेप किया और मामला शांत कराया. 

इसके बाद पुलिस ने यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को हिरासत में ले लिया. उन्हें थाने में लाया गया है. थाने में धीरे-धीरे कांग्रेस के नेताओं का जुटान हो रहा है. हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर देशभर में सियासी विवाद जारी है. इसी विवाद की आंच सोमवार को धनबाद तक पहुंच गई. धनबाद में दोपहर के समय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंच गए और शुद्धिकरण कार्यक्रम का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. 

कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला और मनुस्मृति जलाने का भी प्रयास किया गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि शुद्धिकरण जैसे कार्यक्रम सामाजिक और राजनीतिक रूप से गलत संदेश देते हैं और इसके विरोध में वे प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के अंदर जाने का प्रयास किया. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की और बैरिकेडिंग कर कार्यालय की ओर बढ़ने से रोका. पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे, जिससे मौके पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.

हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया. प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला और मनुस्मृति भी नहीं जला सके. पुलिस ने दो को अपने कब्जे में ले लिया।विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को हिरासत में लेकर थाने ले गई. इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं को भी नियंत्रित किया गया. भाजपा कार्यालय के बाहर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा. भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में रखा गया.