☰
Jharkhand

कतरास में मनबढ़ू युवकों पर गिरी पुलिस की गाज, मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर स्टंटबाजी का आरोप 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): दुर्गा पूजा के दौरान अशोभनीय आचरण करने वाले कम से कम आधा दर्ज़न मनबढ़ू युवकों पर कतरास पुलिस ने कार्रवाई की है. जानकारी के अनुसार शनिवार की रात थाना चौक, बाजार और पूजा पंडालो  के आसपास अशोभनीय आचरण करने के मामले में पुलिस ने 6 मोटरसाइकिल जब्त की है. दरअसल, धनबाद में अभी मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर हंगामा करने वाले युवको की संख्या लगातार बढ़ रही है. मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर स्टंटबाजी करते युवकों को पुलिस का तनिक भय  नहीं दिखता है. ऐसे ही युवकों के खिलाफ कतरास पुलिस ने कार्रवाई की है .

जानकारी के अनुसार पूजा के दौरान कुछ युवक समूह बनाकर मॉडिफाइड बुलेट और हाईस्पीड मोटरसाइकिलों से मेला, बाजार और पूजा पंडालों के आसपास घूमते हैं. तेज आवाज में बाइक चलाने और स्टंटबाजी से आम लोगों, श्रद्धालुओं तथा राहगीरों को परेशानी होती है. इसे देखते हुए पुलिस विशेष निगरानी अभियान चला रही है. इसी अभियान के क्रम में देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तेज आवाज निकालते हुए इधर-उधर घूम रहे युवकों को पकड़ा और मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाने ले आई. पुलिस अब जब्त की गई सभी मोटरसाइकिलों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है.

जानकारी के अनुसार, कतरास थाना प्रभारी की नजर थाना चौक और आसपास के क्षेत्रों में बाइक सवार युवकों की गतिविधियों पर पड़ी. युवकों पर चिल्लाने और हंगामा करने का आरोप है. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाने पहुंचाया. कतरास पुलिस ने पूजा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी से बचने की अपील की है. पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य पूजा पंडालों, बाजारों और मेला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है.