धनबाद: धनबाद के चिरकुंडा में पुलिस ने नकली लॉटरी छापेखाने का खुलासा किया है. यह छापाखाना बीसीसीएल के एक जर्जर आवास में चल रहा था. सूचना के मुताबिक लगभग एक करोड़ रुपए मूल्य के नकली लॉटरी टिकट बरामद किए गए हैं.
पुलिस के हाथ सरगना तो नहीं लगा है, लेकिन एक युवक को हिरासत में लिया गया है. पुलिस सरगना की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. सूत्र बताते हैं कि चिरकुंडा में एक संगठित गिरोह द्वारा नकली टिकट छाप कर दूसरे प्रदेशों तक में सप्लाई की जाती थी. इस गिरोह का सीधा नेटवर्क बंगाल से भी जुड़ा बताया गया है.
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने दो बड़े प्रिंटर, 8 छोटा प्रिंटर, दो बड़ी कटर मशीन, छपाई में इस्तेमाल होने वाले रंग, स्टीकर ,दर्जनों बंडल कागज तथा विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं. बरामद सभी सामानों को थाना लाया गया है.
पुलिस की जांच में पता चला है कि इस छापेखाने में तैयार नकली लॉटरी कार, टेंपो और स्कूटर के माध्यम से झारखंड के जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो और रांची के अलावा पश्चिम बंगाल के आसनसोल, दुर्गापुर आदि जगहों पर भेजा जाता था.
