Jharkhand

धनबाद में दो कारोबारियों की हत्या की साजिश नाकाम, कुख्यात प्रिंस खान के दो शूटर हथियार के साथ अरेस्ट 

Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist
धनबाद में दो कारोबारियों की हत्या की साजिश नाकाम, कुख्यात प्रिंस खान के दो शूटर हथियार के साथ अरेस्ट 

धनबाद(DHANBAD):  धनबाद पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है.  बताया है कि कारोबारियों  की हत्या की  साजिश को त्वरित  कार्रवाई कर नाकाम कर दिया गया है.  कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.  गिरफ्तार अपराधी पहले भी जेल जा चुके हैं.  पुलिस ने शोएब कुरैशी और गुलाम उर्फ छोटू कुरैशी को गिरफ्तार किया है. 

 पुलिस का दावा है कि दोनों कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और हत्या को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्र हुए थे.  गुरुवार को सिटी एसपी ने बताया कि भूली ओ पी  के बी  पॉलिटेक्निक के पास जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है.  दोनों किसी स्थानीय जमीन कारोबारी और होटल कारोबारी  की हत्या की योजना बना रहे थे.  गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्तौल ,चार गोली और दो  जिंदा बम तथा मोबाइल बरामद किए गए हैं. 

तलाशी के दौरान गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी के पास से दो जिंदा बम, 'मेड इन इटली' अंकित एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं शोएब कुरैशी के पास से 'किंग केजीएफ' अंकित एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए.  बरामद कारतूस पर केएफ 7.65 अंकित है. पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं और एक स्थानीय जमीन कारोबारी व होटल व्यवसायी की हत्या की योजना बना रहे थे.  पुलिस के अनुसार गुलाम गौस ने यह भी बताया कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से गोपी खान और प्रिंस खान के लगातार संपर्क में था.  पुलिस  नेटवर्क के  फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.